शनिवार, 21 सितंबर 2024

(25)अपना कीमती समय ऐसे लोगों के साथ कम व्यतीत करें, जो एक अनाज के दाने जितनी छोटी सी समस्या को पहाड़ जितनी बड़ी बना देते हैं।

मान लें कि आपके पास एक छोटा सा व्यवसाय आरंभ करने के लिए एक अद्भुत विचार है और आप उत्साहित होकर उसे अपने मित्र के साथ साझा कर लेते हैं। यदि वह एक निराशावादी, मानव-द्वेषी और हतोत्साही व्यक्ति है, तो वह आपको ये समझाने में अपनी संपूर्ण कला का उपयोग करेगा कि आपके विचार में बहुत सी चीजें गड़बड़ हो सकती हैं। 

इस प्रकार, वह आपको इतना डरा देगा कि अंत में आप बिना दो बार सोचे अपने अद्भुत विचार को त्याग देंगे। यदि आप ज्यादा ही बदकिस्मत हैं तो जीवन में जब भी आप कुछ नया करने का सोचेंगे तो उससे सलाह लेंगे और इस प्रकार अपने सभी अद्भुत विचारों का परित्याग कर देंगे।

ऐसे लोगों के साथ अपना कीमती समय कम व्यतीत करें, जो एक अनाज के दाने जितनी छोटी सी समस्या को पहाड़ जितनी बड़ी बना देते हैं और चिंता व शिकायत करते रहते हैं; क्योंकि चाहे आप कितने भी सकारात्मक हों, उनकी नकारात्मकता आपको प्रभावित करेगी, और  समय के साथ अंततः वे नकारात्मक लोग आपके अवचेतन मन में चल रहे सकारात्मक सॉफ्टवेयर को परिवर्तित कर देंगे। 

वे वायरसकी तरह व्यवहार करते हैं और आपके अवचेतन मन की कार्य-पद्धति को, और फिर अंत में आपकी विचार-प्रणाली को प्रभावित करते हैं। इसलिए सचेत रहें और अपने मन में एंटी वायरस डालें, ताकि आपके नकारात्मक मित्रों और उनके द्वारा निर्मित विचार-प्रणाली को आप जब चाहें, तत्काल नष्ट कर सकें।

अपने पूरे जीवन काल के दौरान हम अपने संबंधों को विभिन्न नाम देते हैं; लेकिन वास्तव में उन सब में हम एक ऐसे मित्र की तलाश करते हैं, जो हम में विश्वास करे और हमारे हर काम में हमें नैतिक रूप से समर्थन दें। चाहे वह एक स्कूल के मित्र के रूप में हो, एक भाई या बहन हो, प्रेमी या प्रेमिका हो, माता-पिता या जीवन साथी हो, अंदर से हमें एक मित्र की आवश्यकता होती है, जो उस समय हमारा हाथ थाम ले, जब हम किसी मुसीबत की वजह से कमजोर पड़ कर गिरने वाले हों ।

चुनौतियों से भरे इस जीवन में एक प्रेरित करनेवाला मित्र सबसे बड़ी दौलत है। उसका समर्थन मिलने पर कोई चुनौती इतनी बड़ी नहीं लगती कि उसका सामना न किया जा सके और हम उससे विजयी होकर निकलते हैं। जब कोई हमें नैतिक रूप से समर्थन देता है, तो हमें जीवन जीने में आसानी होती है, और इसलिए हमेशा कहा जाता है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला होती है, और हर सफल महिला के पीछे एक पुरुष । हर सफल छात्र के पीछे एक अच्छा शिक्षक होता है और हर सफल बच्चे के पीछे सहायक माता-पिता ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

समाचार का व्रत रखिए

आजकल नकारात्मक समाचार ज्यादा बिकते हैं। हमारे समाज में ज्यादातर लोग एक प्रसिद्ध इन्सान के जुर्म का मुकदमा देखना किसी वास्तव में ...