हमें हमेशा कुछ नया क्यों सीखते रहना चाहिए? जीवन का असली रस आनंद और ज्ञान के संयोजन में है। इसलिए-
●कोई संगीत का वाद्ययंत्र बजाना सीखें।
●योग कक्षाओं में शामिल हों।
●कोई नया खेल सीखें।
●नृत्य सीखें।
●कोई नई भाषा सीखें।
जब आप कुछ नया सीखते हैं, तो-
1. आपके आत्मविश्वास का स्तर बढ़ता है।
2. आपको पता चलता है कि आप आश्चर्यजनक रूप से अच्छे हैं, चाहे आपका बॉस या आपकी पत्नी/पति कुछ भी सोचते हों।
3. आपकी खुद के प्रति और जीवन के प्रति सोच में सुधार आता है।
4. आपके संबंधों पर प्रभाव पड़ता है; क्योंकि जब आप अंदर से खुश होते हैं, तो आप स्वाभाविक रूप से अपने आस-पास के लोगों से खुशी साझा करते हैं।
जब आप पेंटिंग या गायन की तरह कुछ नया या रचनात्मक करते हैं, कोई प्रतिस्पर्धात्मक खेल खेलते हैं, खुद को प्रार्थना में डुबो देते हैं, अपने आस-पास आकर्षक चीजें जमा करते हैं और सुखद प्रेमालाप में लिप्त होते हैं, तो आपका शरीर एंडॉर्फिन नाम का खुशी का हारमोन स्रावित करता है। एंडॉर्फिन प्राकृतिक दर्द निवारक होता है और आपको खुशी, आनंद एवं संतुष्टि की भावना देने के लिए जिम्मेदार होता है।
इसलिए, अपनी पसंद की किसी भी उत्तेजक गतिविधि का चुनाव करें और अपनी दिनचर्या में से प्रतिदिन कुछ समय निकालकर अपने शरीर को एंडॉर्फिन रिहा करने दें, ताकि आप खुश और स्वस्थ रह सकें। जितना अधिक आप अपनी पसंद की गतिविधियों में शामिल होंगे, उतना ही अधिक आपका मस्तिष्क काम करेगा और बेहतर विकास करेगा। ऐसी गतिविधियों के प्रदर्शन से आपकी एकाग्रता, रचनात्मकता और ध्यान में भी वृद्धि होगी।
सीखने के कुछ रूप पचाने में आसान होते हैं, लेकिन अकसर उनमें तत्त्वों की कमी होती है। हर कुछ महीनों में समय बचाने के लिए और जो महत्त्वपूर्ण है, उस पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपने इनपुट (अंदर की भावनाओं) को शुद्ध करें।
सीखने के बारे में सबसे अच्छी बात है- अपने साथ हमेशा एक पुस्तक रखना। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपको वह पुस्तक पढ़ने में एक साल लगता है या एक सप्ताह । हमेशा अपने साथ वह पुस्तक लेकर चलने का प्रयास करें, जो आप पढ़ रहे हैं, ताकि आपको जब समय मिले आप उसे पढ़ सकें। मैं अपनी दिन भर की गतिविधियों के बीच कुछ पल बचाकर एक सप्ताह में एक पुस्तक पढ़ लेता हूँ। इस प्रकार प्रति वर्ष में कम-से-कम 50 पुस्तकें पढ़ लेता हूँ।
उन लोगों के साथ अधिक समय बिताना शुरू करें, जो विचारक हैं और सिर्फ वे नहीं जो चतुराई दिखाते हैं; ऐसे लोग, जो वास्तव में अपना अधिकांश समय नई चीजें सीखने में निवेश करते हैं। उनकी आदतें आप पर असर करेंगी। इससे भी बेहतर, वे शायद अपनी थोड़ी- बहुत जानकारी आपके साथ साझा भी कर लेंगे।
'खेल शोध का उच्चतम रूप है। '
- अल्बर्ट आइंस्टाइन
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें