हमारा शरीर चलते रहने के लिए बना है, लेकिन हम बहुत गतिहीन जीवन-शैली का पालन करते हैं। व्यायाम तो छोड़िए, हम अपने शरीर के कई अंगों को दिन भर में एक बार हिलाते भी नहीं। इस प्रकार हम मेद जमा करते रहते हैं और हमारी उम्र बढ़ने के साथ हमारे पेट का आकार भी बढ़ता रहता है।
हमें आकार में रहने की आवश्यकता सिर्फ आकर्षक दिखने के लिए नहीं, बल्कि स्वस्थ रहने के लिए भी होती है। जब आपका वजन अनुचित रूप से बढ़ जाता है, तो मेद सिर्फ बाहरी शरीर पर नहीं, बल्कि आपके अंदरूनी अंगों के आस-पास भी जम जाती है, जिससे वे सामान्य रूप से काम नहीं कर पाते और बीमारियाँ होने लगती हैं।
इससे बचने के लिए हम किसी भी प्रकार का व्यायाम कर सकते हैं -पास के पार्क में सुबह की सैर जैसे आसान काम से लेकर स्वास्थ्य- कल्याण की सबसे प्राचीन तकनीक योग तक ।
योग आपके शरीर को सही तरीके से चलाने और सही तरीके से साँस लेने के बारे में है। क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी नाक कार्बन डाइऑक्साइड और कफ के अलावा भी कुछ बाहर निकालने में आपकी मदद करती है? आपके शरीर के अधिकांश विषाक्त पदार्थ आपकी साँसों के माध्यम से निष्कासित होते हैं। इसलिए जब आप सही ढंग से साँस नहीं लेते, तो बहुत से विषाक्त पदार्थ आपके शरीर में रह जाते हैं और बीमारियाँ उत्पन्न करते हैं।
आम तौर पर, हम अपने अस्तित्व की सबसे मूल क्रिया - साँस लेना - गलत तरीके से करते हैं-छोटी-छोटी साँसें लेने के द्वारा। कितनी बार हम एक दिन में कम-से-कम कुछ लंबी साँसें लेते हैं? योग आपको प्रतिदिन शरीर को सही तरीके से चलाने और सही ढंग से साँस लेने में मदद करेगा।
अब, इन सबके बाद आप स्वास्थ्य के महत्त्व के बारे में सहमत होसकते हैं; लेकिन फिर भी, आपके पास खुद को स्वस्थ और चुस्त रखने के लिए समय न मिल पाने का बहाना होगा। जब भी आपको लगे कि आप व्यायाम के लिए समय नहीं निकाल पाएँगे, विचार करें कि अनिल अंबानी, जो भारत के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं और करोड़ों डॉलर के कॉरपोरेट साम्राज्य के मालिक हैं, सुबह 4 बजे उठ कर व्यायाम के लिए समय निकालते हैं और 15 कि.मी. दौड़ते हैं। 24 घंटे में से 1 घंटा दिन भर का सिर्फ उनका होता है। इसलिए आप भी निश्चित रूप से अपनी दिनचर्या में से कुछ समय अपने स्वास्थ्य की देखभाल के लिए निकाल सकते हैं, क्योंकि ये आपके हित में होगा ।
'हमारे पास हर काम करने के लिए पर्याप्त समय कभी नहीं होता; लेकिन सबसे महत्त्वपूर्ण काम करने के लिए हमेशा पर्याप्त समय होता है। '
- ब्रायन ट्रेसी
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें