15 अगस्त, 1947
1857 में फूटी चिनगारी को अंग्रेजी बूटों ने बर्बरता से रौंद तो डाला, लेकिन बगावत की वह आग भीतर ही भीतर सुलगती रही। प्रथम विश्व युद्ध के बाद महात्मा गांधी के रूप में आजादी के दीवानों को एक अच्छा मार्गदर्शक मिल गया। आंदोलन तेज होता गया। उधर बंगाल से स्वाधीनता आंदोलन के अंतिम दौर में उठी सामाजिक व धार्मिक नवजागरण की लहर धीरे-धीरे पूरे देश को प्रभावित कर रही थी।
वर्ष 1942 तक तो आंदोलन व्यापक रूप अख्तियार कर चुका था, पर इसके लिए हजारों लोगों को अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी थी। गाँव के गाँव जलाए गए। महिलाओं-बूढ़ों और बच्चों तक को तोप के मुँह से बाँधकर उड़ा दिया गया। व्यापारिक लिहाज से भी देश के संसाधनों का जमकर शोषण किया गया। लेकिन समय ने अंगड़ाई ली और तमाम बाधाओं को पार करते हुए सेनानियों ने देश को आजाद करा ही लिया।
लगभग 200 साल तक अंग्रेजों की यातनाभरी दासता के बाद 15 अगस्त 1947 को तिरंगे ने खुलकर साँस ली। सचिवालय से लेकर नुक्कड़ की चाय की दुकान तक तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा था।
लेकिन दुर्भाग्य ने अभी हमारा दामन नहीं छोड़ा था और विभाजन के चलते लाखों जिंदगियाँ तबाह हो गईं। देश को आजादी की भारी कीमत चुकानी पड़ी। संविधान सभा ने जवाहरलाल नेहरू को सर्वसम्मति से देश का पहला प्रधानमंत्री नियुक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा—
“आधी रात को जब सारी दुनिया सो रही होगी तब भारत जागेगा, उसे आजादी मिलेगी। इतिहास में कुछ क्षण ऐसे होते हैं जो बिरले ही आते हैं, जब हम प्राचीनता से नवीनता की ओर अग्रसर होते हैं, जब एक युग समाप्त होता है और चिरकाल से दमित राष्ट्रीय आत्मा मुखर हो उठती है।
आज ऐसा ही अवसर है…!!”
…..और इसके साथ ही दिलों में बँटवारे की कसक लिए पूरा देश बरसों बाद मिली इस आजादी के जश्न में डूब गया। एक नई सुबह, एक नई शुरुआत की आस लिए 14-15 अगस्त की रात में क्या कुछ हुआ था पूरे देश में,....पेश है उसकी तस्वीर।
2. इस दिन बापू कलकत्ता में क्यों थे?
सारा देश 15 अगस्त के दिन आजादी के जश्न में डूबा था। उधर महात्मा गांधी कलकत्ता में देश के भले के लिए प्रार्थना पर बैठे थे..एक मकान में…नीचे फर्श पर…।
उन्होंने 14 अगस्त की शाम को ही कहा था कि 15 अगस्त को वे 24 घण्टे के उपवास पर होंगे। उन्हें उम्मीद थी कि उनकी प्रार्थना और भूख हड़ताल से शांति और सांप्रदायिक सौहार्द की स्थापना को बल मिलेगा।
14 अगस्त की शाम प्रार्थना-सभा में बापू ने कहा—15 अगस्त विदेशी अंग्रेजी शासन से मुक्ति के जश्न का ही नहीं, बल्कि एक ऐसा महत्वपूर्ण दिन भी है जिस दिन से भारत और पाकिस्तान को अपनी जिम्मेदारियाँ संभालनी होंगी। बापू ने जन समुदाय से सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के निवेदन के साथ भूख हड़ताल में उनके साथ शरीक होने का आमंत्रण भी दिया।
उल्लेखनीय है कि उन दिनों कलकत्ता सांप्रदायिक दंगों की चपेट में था। स्थिति नियंत्रण में नहीं हो पा रही थी। लेकिन महात्मा के पहुँचते ही पूरा शहर मानो जहाँ का तहाँ थम गया। उनके करिश्माई व्यक्तित्व का ओज था कि उनके कलकत्ता पहुँचने के 24 घंटे के भीतर ही करीब 5000 मुसलमानों और हिंदुओं ने दंगों से दूर रहने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील के साथ विशाल जुलूस निकाला।
पूरे शहर में देखते ही देखते ‘हिंदू-मुस्लिम एक हो’ और‘हिंदू-मुस्लिम भाई-भाई’ के नारे गूंजने लगे।
विडम्बना यह रही कि जिन गांधी ने देश को आजादी दिलाई, वही गांधी आजादी के दिन उपवास कर रहे थे और स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित संविधान सभा की बैठक में स्वयं भी उपस्थित नहीं थे। बापू को खुशी और दु:ख, दोनों साथ-साथ मिले थे।इधर देश आजाद हुआ था और उनका सपना सच हो रहा था किंतु दूसरी ओर विभाजन ने उनके दिल के टुकड़े टुकड़े कर दिए थे। आजादी की इतनी बड़ी कीमत चुकाने की बात तो उन्होंने सपने में भी नहीं सोची होगी। उन्होंने कहा था कि आजादी का उत्सव मनाने के बजाय वे शांति और सद्भाव की स्थापना के लिए प्रार्थना करेंगे।
बंगाल में सांप्रदायिक तनाव के बीच बापू का कलकत्ता में रहना बेहद महत्वपूर्ण था। वे चाहते थे कि स्वतंत्र भारत की शुरुआत हिंसा और नफरत के वातावरण में न हो।
और तो और..उनके प्रिय जवाहरलाल नेहरू और अन्य नेताओं ने भी अपने रवैये से स्पष्ट कर दिया था कि वह महात्मा गांधी के विचारों से अब पूरी तरह से सहमत नहीं हो पा रहे हैं।। कांग्रेस को भंग कर देना, विभाजन, और अन्य कई गंभीर मुद्दों पर बापू का दृष्टिकोण इन सबसे अलग था। यह देश का दुर्भाग्य था कि आजादी के पहले तक स्वाधीनता संग्राम के प्रेरणा स्रोत रहे बापू , आजादी मिलते ही लगभग दरकिनार कर दिए गए।
लेकिन उनको इसकी परवाह नहीं थी। उन्होंने अपना दायित्व निभाया था, आम जनता उनका दर्द समझती थी और उन्हें भी समझती थी।
लिहाज़ा बापू ने आजादी का पहला दिन आजाद हिंदुस्तान के भले के लिए प्रार्थना करने के रूप में मनाया। उन्होंने खुद को सत्ता से सदैव दूर रखा। राजनीति उनका दर्शन हो सकती है, जीवन शैली हो सकती है, लेकिन उनकी राजनीति का ध्येय सत्ता प्राप्त करना कतई नहीं था यह बात अब पूरी तरह साबित हो चुकी थी।
3. हमारा पहला मंत्रिमंडल
15 अगस्त, 1947 को घोषित हमारा पहला मंत्रिमंडल इस प्रकार था—
1.जवाहरलाल नेहरू — प्रधानमंत्री
2.रफी अहमद किदवई — संचार
3.सरदार वल्लभ भाई पटेल — राज्य व गृह
4.भीमराव रामजी आंबेडकर — कानून
5.राजकुमारी अमृत कौर — स्वास्थ्य
6.राजेंद्र प्रसाद — खाद्य
7.जॉन मथाई — रेलवे व परिवहन
8.मौलाना अबुल कलाम आजाद — शिक्षा
9.सरदारबलदेव सिंह — रक्षा
10.श्यामा प्रसाद मुखर्जी — उद्योग
11.जगजीवन राम — श्रम
12.आर.के. षणमुखम चेट्टी — वित्त
13.नरहर विष्णु गाडगिल — खान, कार्य व बिजली मंत्री
14.सी.एच. भाभा — वाणिज्य
स्वतंत्रता दिवस समारोहों का विरोध
14 अगस्त को ही हिंदू महासभा ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों का बहिष्कार करने की घोषणा कर दी थी। दिल्ली में हिंदू महासभा भवन से लेकर कनॉट प्लेस तक काले झंडों के साथ जुलूस निकालने की घोषणा कर दी गई।
महासभा के प्रमुख कर्ता-धर्ता वीर सावरकर ने मुंबई में अपने घर पर तिरंगा फहराने की भी घोषणा की, लेकिन साथ ही उन्होंने राष्ट्रवादियों से अनुरोध किया कि भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ घोषित करने के लिए दबाव बढ़ाएँ।
हालाँकि महासभा के विचारों से साम्य रखने वाले नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पहले ही नेहरू मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए हामी भर दी थी।
महासभा की ओर से—
“जलता लाहौर भूलों मत, भूलों मत”
“एक धक्का और दो, पाकिस्तान तोड़ दो”
“अखंड भारत जिंदाबाद”
के नारे लगाए गए।
उधर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए दुविधा की स्थिति बरकरार थी। लिहाजा उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोहों का न तो स्वागत किया और न ही बहिष्कार। अन्य सभी राजनीतिक पार्टियों ने हिंदू महासभा के रवैये पर आक्रोश और दुख जताया।
हिंदू महासभा का मानना था कि बँटवारे के चलते ‘अखंड भारत’ का सपना सपना ही रह गया। इससे हिन्दू मुसलमानों के बीच नफरत की जो आग लगेगी, वह हमेशा के लिए...दोनों सम्प्रदायो को एक दूसरे का धुर विरोधी बना देगी।
5. तब कश्मीर ने किया भारत के साथ रहने का फैसला
कश्मीर के कई सरकारी कार्यालयों पर 14 अगस्त को पाकिस्तानी झंडे फहरा दिए गए। इसकी तीखी प्रतिक्रिया हुई और महाराजा हरि सिंह तक बात पहुँची। उन्होंने तुरंत दुविधा दूर करने और सभी पाकिस्तानी झंडे उतरवाने के आदेश दे दिए।
इस निर्देश के तत्काल बाद सभी पाकिस्तानी झंडे उतार लिए गए। बाद में पता चला कि कुछ पाकिस्तान समर्थकों ने लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा करने के लिए ही पाकिस्तानी झंडे फहराए थे।
लोगों में इसकी प्रतिकूल प्रतिक्रिया हुई और वे सड़कों पर उतर आए। पाकिस्तान विरोधी नारे लगाए जाने लगे।
महाराजा हरि सिंह ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर पाकिस्तान विरोधी रुख दिखाया था। दरअसल, झंडे उतरवाने का आदेश राजा के प्रधानमंत्री जनक सिंह ने दिया था। उन्होंने राज्य सरकार के सभी उच्चाधिकारियों को बुलाया और उन्हें सख्त हिदायत दी कि फिलहाल निष्पक्ष रवैया ही अपनाया जाना चाहिए।
जनक सिंह के पूर्ववर्ती प्रधानमंत्री का झुकाव पाकिस्तान की ओर था। लेकिन जनक सिंह भारत के साथ रहने के हिमायती थे। लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई नेता ‘आजाद कश्मीर’ का नारा लगा रहे थे। नेशनल कॉन्फ्रेंस के कुछ नेता पाकिस्तान समर्थक भी थे।
कुल मिलाकर कश्मीर में दुविधा का ही माहौल था। क्या करना है, किस ओर जाना है—यह तय नहीं हो पा रहा था। कश्मीरी महाराजा पर दबाव बनाए हुए थे कि जो भी निर्णय लेना है, तत्काल ले लिया जाए।
इस बीच जब पाकिस्तानी झंडों के फहराए जाने की सूचना मिली तो जनता में सुगबुगाहट फैल गई। कई जगह पाकिस्तानी झंडों की होली जलाई जाने लगी। दूसरी ओर शेख अब्दुल्ला के समर्थकों ने अपने प्रभाव वाले इलाकों में जुलूस निकाला।
शहर में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने तुरंत ही इस तरह की किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की और अवाम को सूचित किया कि कोई भी पाकिस्तानी या हिंदुस्तानी झंडा किसी भी कार्यालय पर नहीं फहराया गया है।
“कश्मीर किसके साथ रहेगा, यह अभी तक तय नहीं हुआ है।”
बेगम शेख अब्दुल्ला ने तनावग्रस्त इलाकों का दौरा किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
बेगम शेख अब्दुल्ला, जिन्हें लोग ‘मादरे-मेहरबान’ कहते थे, ने महाराजा से अपील की कि उनके पति समेत नेशनल कॉन्फ्रेंस के सभी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया जाए। तब कई नेताओं को शांति भंग होने की आशंका से गिरफ्तार कर लिया गया था।
हालाँकि महाराजा ने साफ-साफ कुछ नहीं कहा, पर उनके रवैये से जाहिर हो गया कि आने वाले कुछ ही दिनों में कश्मीर के भारत के साथ रहने की घोषणा कर दी जाएगी।
महाराजा हरि सिंह, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल और अन्य भारतीय नेताओं के बीच बातचीत चल रही थी। कश्मीर के अलावा दूसरे रजवाड़े भी भारत में शामिल होने को तैयार हो गए थे। बड़ौदा, त्रावणकोर, पटियाला, बीकानेर, उदयपुर, डूंगरपुर, जैसलमेर, जयपुर आदि के महाराजाओं ने भारत संघ में शामिल होने संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर भी कर दिए।
6. फहरा लो तिरंगा प्यारा...
लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार हिंदुस्तान 15 अगस्त, 1947 को आजाद हो गया। अंग्रेजों की 200 साल की दासता की जंजीरें उतार फेंकी गईं। 14 अगस्त की मध्यरात्रि को जैसे ही घड़ी ने 12 बजाए, चारों ओर ‘महात्मा गांधी की जय’ और ‘15 अगस्त जिंदाबाद’ के नारे गूँज उठे।
आँखें भर आईं। कुछ आँसू आने वाले कल के सुनहरे सपनों की खुशी में थे, तो कुछ स्वाधीनता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद में।
संविधान सभा की विशेष बैठक रात 11 बजे शुरू हुई। जवाहरलाल नेहरू ने सभा में संविधान सभा के सभी सदस्यों के भारत और उसके लोगों के प्रति समर्पित होने संबंधी प्रस्ताव रखा और मुस्लिम लीग के चौधरी खलीक-उज्जमान ने उसका अनुमोदन किया।
इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे डॉ. राजेंद्र प्रसाद। शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ से हुई जिसे सुचेता कृपलानी और नंदिता कृपलानी ने गाया। हॉल खचाखच भरा हुआ था। ब्रिटिश शासकों के चित्रों का स्थान अब तिरंगे ने ले लिया था।
यह वही तिरंगा था जिसके फहराने के लिए लाखों लोगों ने आजादी की लड़ाई में अपना सबकुछ दाँव पर लगा दिया था।
संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा—हमें महात्मा गांधी का पूरी श्रद्धा और आदर से शुक्रिया अदा करना चाहिए, जो पिछले 30 साल से हमारे मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत रहे हैं।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने जोर देकर कहा कि भारत में रहने वाले अल्पसंख्यकों के साथ किसी तरह की नाइंसाफी नहीं होगी। संविधान सभा इस बात की गारंटी देती है।
इसके बाद सदन में आजादी की लड़ाई में शहीद हुए लोगों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया और फिर जवाहरलाल नेहरू ने सदस्यों को संबोधित किया।
नेहरू के भाषण का जोरदार तालियों से स्वागत किया गया। लेकिन अपने भाषण में नेहरू ने भारत विभाजन का कोई जिक्र नहीं किया।
सभा के बाद राजेंद्र प्रसाद और जवाहरलाल नेहरू लॉर्ड माउंटबेटन से मिलने रवाना हो गए। तब रात के साढ़े बारह बज रहे थे। बाहर हजारों की भीड़ नेहरूजी के दर्शन को उमड़ी थी, और विभाजन की त्रासदी भी उनका उत्साह ठंडा नहीं कर पाई थी।
15 अगस्त जिंदाबाद और गांधी-नेहरू जिंदाबाद के नारों से सारी दिल्ली गूँज रही थी। लोग सड़कों पर निकल आए थे—नाचते-गाते, आजादी का जश्न मनाते।
7. पूरी बंबई झूम रही थी
रात के ग्यारह बज रहे थे और पूरी बंबई आजादी के नशे में झूम रही थी। अनेक फिल्मी सितारे सड़क पर थे, अपने लाखों प्रशंसकों के बीच।
कामरेड नर्गिस ‘सारे जहाँ से अच्छा, हिंदुस्तान हमारा’ की धुन पर झूम रही थी,उनके साथ विशाल जुलूस भी नाचता चला जा रहा था।
फ्लोरा फाउंटेन से हिल स्टेशन तक का रास्ता लोगों के हुजूम से अटा पड़ा था। हर तरफ जश्न का माहौल था।
इंडियन पीपुल्स थियेटर एसोसिएशन (आईपीटीए) और प्रोग्रेसिव राइटर्स एसोसिएशन से जुड़े लोग भी भीड़ में नाचते-गाते, ‘पंद्रह अगस्त जिंदाबाद’ के नारे लगाते देखे जा रहे थे।
अली सरदार जाफरी और कैफी आज़मी भी इस जुलूस में मौजूद थे। रास्ते में जॉर्ज पंचम की एक तस्वीर सरदार जाफरी के हाथ लग गई। उन्होंने उसे चिंदी-चिंदी करके हवा में उड़ा दिया।
जे. अंसारी ने उन्हें ऐसा करने से रोकते हुए कहा कि हमें किसी व्यक्ति विशेष पर अपना गुस्सा नहीं निकालना चाहिए। इस पर सरदार जाफरी ताव में आ गए और उन्होंने अंसारी को एक तमाचा जड़ते हुए फटकार लगाई, कि “जिन लोगों के चलते हम सालों गुलामी की यातना भोगते रहे उसकी तरफदारी करने की तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई?”
आजादी के इस जश्न में पृथ्वीराज कपूर, बलराज साहनी, दमयंती साहनी, चेतन आनंद, जोहरा सहगल और हबीब तनवीर भी पूरे जोश-खरोश से शामिल थे।
पूरी बंबई 14-15 अगस्त की रात सड़कों पर ढोल-नगाड़े पीटते, गा-बजा रहे थे और गाते-नाचते हुए आजादी का जश्न मना रहे थे। गेटवे ऑफ इंडिया हो या सचिवालय या फिर मुंबई की कोई बस्ती हर जगह एकसा माहौल था। फिल्मी सितारे मालाबार हिल्स से लेकर सचिवालय या फिर बंबई की सड़कों तक दिखाई दे रहे थे।
महात्मा गांधी की जय और ‘15 अगस्त जिंदाबाद’ के नारे लगाए जा रहे थे।
8. दंगों से बेहाल शहर
जहां एक ओर 14 अगस्त को पाकिस्तान में आजादी का जश्न मनाया जा रहा था। दूसरी ओर सांप्रदायिक दंगों की चपेट में शहर बेहाल थे।
घर के घर धू-धू कर जल रहे थे। धार्मिक स्थलों पर हमले किए जा रहे थे। बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। जिस इलाके में जो संप्रदाय भारी पड़ता, दूसरे वर्ग पर हमला बोल देता था। प्रशासन शहर में कर्फ्यू लगा रखा था इसके बावजूद 15 अगस्त को छपे अखबारों के मुताबिक 13-14 अगस्त को अकेले कराची में करीब 260 लोग दंगे की भेंट चढ़ गए थे पुलिस इस दौरान मूक दर्शक बनी खड़ी रही। कराची के सदर बाजार की दुकान लूटने के बाद दंगाइयों ने दुकानदारों को दुकान के भीतर बंद करके दुकानों में आग लगा दी थी।
पाकिस्तान और भारत के तमाम शहरों में हो रहे दंगों की खतरनाक आग में घी डालने का काम अफवाहें कर रही थीं।
राज्य प्रशासन की समझ में कुछ नहीं आ रहा था कि आखिर इन बिगड़े हालातों पर काबू कैसे पाया जाए। दूसरी ओर खुलना , कोलकाता से थोड़ी ही दूरी पर स्थित नगर, में हिंदुओं की अधिकता थी लेकिन वहां भी दुविधा का माहौल था। मुस्लिम लीग “लड़ के लेंगे पाकिस्तान” और कांग्रेस “वंदे मातरम” का जय घोष करने में लगी थी।
15 अगस्त तक ये सुनिश्चित नहीं था कि खुलना, पश्चिम बंगाल यानी भारत में ही रहेगा या फिर पूर्वी पाकिस्तान में जाएगा। स्थानीय नेता अपने-अपने तरीके से दबाव बनाए हुए थे
कलकत्ता में स्थिति इतनी खराब थी कि प्रशासन की समझ में नहीं आ रहा था कि आखिर इन दंगों पर काबू कैसे पाया जाए और प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा रखा था।
इसके बावजूद 15 अगस्त को अखबारों में दंगों की खबरें आती रहीं।
कराची में भी यही हाल था। वहाँ मुस्लिम लीग और कांग्रेस के बीच तनाव का माहौल था। दुकानों को लूटा गया और बाद में दंगाइयों ने कई दुकानों में आग लगा दी।
शरणार्थियों से लदी हुई रेलगाड़ियाँ पश्चिम बंगाल और भारत आ रहे लोगों को ले जा रही थीं। इन रेलगाड़ियों को भी निशाना बनाया गया।
दूसरी ओर भारत से पाकिस्तान की ओर जाने वालों का भी कमोबेश यही हाल था। पूर्वी पंजाब और भारत के अन्य हिस्सों में मुसलमानों पर अत्याचार की अफवाहें पाकिस्तान के इलाकों में पहुँचतीं तो वहाँ दंगों का एक नया दौर शुरू हो जाता।
रेलगाड़ियों के प्रायः हर डिब्बे में पैर रखने की जगह नहीं थी। पंजाब में दंगों का कहर लगातार कई दिनों तक जारी रहा। सैकड़ों हज़ारों लोग इन दंगों की भेंट चढ़ गए।
हिंदू-मुस्लिम दंगों के साथ ही शिया-सुन्नी दंगों ने हालत और बिगाड़ दिए थे। लखनऊ में भी शिया-सुन्नी दंगे हो रहे थे। 19 अगस्त को शिया सुन्नी दंगों ने कई जानें ले लीं। गवर्नर सरोजिनी नायडू और मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत ने स्थिति की समीक्षा की और प्रशासन को दंगे रोकने के हर संभव प्रयास करने को कहा गया।
हेराल्ड समूह के अखबारों की ओर से अपने संवाददाताओं को निर्देश दिए गए कि वे दंगों की खबरें न छापें और उनकी जगह प्रमुख नेताओं के जनता के नाम सद्भावना संदेश दें, ताकि शहर में अमन-चैन बनाए रखा जा सके। जो पाकिस्तान गए उनकी अचल संपत्ति सरकारी नियंत्रण में चली गयी जबकि जो पाकिस्तान छोड़ कर भारत आए उनकी सम्पति पर प्रायः वहां के मुस्लिम समुदाय ने व्यक्तिगत कब्जे कर लिए, यह भी एक विचारणीय पक्ष था।
शरणार्थियों का शहर
पाकिस्तान और भारत की भौगोलिक सीमाएं 15 अगस्त तक तय नहीं हो पाई थी,लेकिन दिल्ली टेंट और तंबुओं का शहर बन गई थी। शहर में करीब एक लाख शरणार्थी आ चुके थे।
शरणार्थियों में हिंदू भी थे और पाकिस्तान से आए कुछ मुसलमान भी थे।पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से रोज करीब 5000 लोग जान बचाकर दिल्ली पहुंच रहे थे। पूरा पंजाब दंगों से बेहाल था, ज्यादातर लोगों का सब कुछ छिन चुका था, वह किसी तरह केवल जान बचाकर यहां तक पहुंचने में कामयाब हो पाए थे। इनमें से कई घायल थे इन्हें टेंटों में टिकाया गया था ।
इन टेंटों का इस्तेमाल पहले सैनिकों द्वारा किया जाता था इसलिए इनमें सभी बुनियादी सुविधाएं मौजूद थी लेकिन सरकार के लिए इतनी बड़ी संख्या में आई शरणार्थियों की फौज के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराना बड़ी टेढ़ी खीर साबित हो रहा था फिर भी युद्ध स्तर पर कोशिशें जारी थी। सारी व्यवस्था की देखने के लिए केंद्रीय रिलीफ कोऑर्डिनेशन कमिटी का गठन किया गया था।
खून की नदी पार करके मिली आज़ादी पर एक ऑंखसे आज़ादी की खुशी के आंसू बह रहे थे तो दूसरी आंख से विभाजन के दर्द के..!!💐💐💐
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें