दिल्ली के बड़े-बड़े हिन्दू व्यापारी, खत्री और अग्रवाल भारत के उन्नतिशील पूर्वी शहरों को चले गए थे। दिल्ली का वातावरण अशांत, चौंकाने वाला और भयपूर्ण था। बादशाही दरबार अब भी उसी शान से होता था, जिस भाँति प्रतापी औरंगजेब के समय में होता था। पर वह शान और जलाल अब कहाँ था! बादशाह मुहम्मदशाह बूढ़ा और सनकी था। कविता करने, गाने-बजाने में उसे बड़ा मजा आता था। भरे दरबार में अब बड़े-बड़े राजनीतिक मसले हल नहीं होते थे, बल्कि गजलें और शेर पढ़े जाते थे। बड़े-बड़े राजाओं और बादशाहों के एलचियों की जगह अब भाँड और कव्वाल दरबार में धमाचौकड़ी मचाया करते थे। खुशामदी और चापलूस बादशाह की हाँ में हाँ मिलाया करते और हलवा-गाँठा सीधा करते। दरबार में खुल्लमखुल्ला शराब का दौर चलता था। वह जगत्प्रसिद्ध दरबार मुगलिया अब मुशायरों और भाँडों की चलती मजलिस बन गई थी। यमुना तालकिनारे से रूठकर दूर चली गई थी और उसके संगमरमर के झरोखे आँसू बहाते थे।
सुबह के आठ बजते ही नौबत पर चोट पड़ी और नकीब ने आवाज लगाई। चोबदारों ने अपने बल्लम-आसे ऊँचे किये, “अदब” का नारा बुलंद किया। सब दरबारी सहमकर झुककर निस्तब्ध खड़े हो गए। सबकी नजरें धरती पर थीं। सबकी गर्दनें झुकी हुई थीं।
बादशाह की सवारी दीवानखाने से रंगमहल से निकली। सोलह तातारी बाँदियाँ नंगी तलवार लिये आगे-आगे आ रही थीं। बारह बाँदियाँ बादशाह को हाथों-हाथ उठाए हुए थीं। मोरछलवालियाँ, दूबकेवालियाँ, पानवालियाँ, उगालदानवालियाँ, सुगन्धिवालियाँ बादशाह की सवारी के साथ थीं। बादशाह सुबह की हल्की सफेद रेशमी पोशाक पहने, पन्ने का कंठा गले डाले, पगड़ी पर बड़ा-सा नीलम का तुर्रा लगाए थे। दोनों तरफ से सलामियाँ उतरने लगीं और बादशाह सलामत तनिक हाथ हिलाकर लोगों की सलामी-कुर्निश स्वीकार करते आगे बढ़े।
बादशाह के तख्त पर बैठते ही एक-एक सरदार सहमा हुआ आगे बढ़कर बादशाह के सामने आया। तीन बार जमीन तक झुककर कुर्निश की और पीछे हट गया। सबका गुजर हो चुके पर बादशाह ने एक गिलौरी पान की खाकर हुक्के के दो कश खींचकर कहा—“इजाजत ने एक शेर फरमाया है।”
बादशाह ने शेर पढ़ा। दरबार में शोर उठा—“करामात!”
एक अमीर ने आगे बढ़कर तीन बार कुर्निश करके कहा—“करामुलमुल्क मुकम्मल कलाम।”
दरबार में फिर शोर उठा—“करामात!”
बादशाह मुस्कराए। उन्होंने संकेत किया। खवास ने शराब की सुराही का मुँह खोला। दौर चलने लगा। प्याले पर प्याला पीकर बादशाह शेर पढ़ने लगे। प्यालों के साथ ही दरबार का शिष्टाचार भी भंग होने लगा। शोर, बेअदबी, फब्तियाँ कसी जाने लगीं। बादशाह आँखें-भौंहें चढ़ाकर, गार, तकिया कर, रस ले-लेकर अपने शेर पढ़ने लगे और दरबारी झूम-झूमकर उनकी तारीफ मुक्त कंठ से करने लगे।
अवसर पाकर वजीर-आजम ने दस्तबस्ता अर्ज की—“जहाँपनाह, ईरान के लुटेरे नादिरशाह ने सफीर भेजा है। वह हुजूर की कदमबोसी की इजाजत चाहता है।
बादशाह के रंग में भंग पड़ते देखकर नाक-भौंह सिकोड़कर कहा—“सआदत और आसफ को उस लुटेरे को भगाने को भेज दिया था न?”
“जहाँपनाह, उस डाकू ने सआदत और आसफ को भगा दिया है।”
“भगा दिया है? उसकी इतनी मजाल? अच्छा, उस अर्जी को जो सफीर यहाँ लाया है, हमारे हुजूर में पेश करे। मगर उस मूजी के नाम पर सब कोई एक-एक प्याला चढ़ाएँ।”
सफीर ने बादशाह से चालीस कदम दूर बाहर खड़े होकर तीन बार कुर्निश की और चाँदी के कटोरे सेएक जरीदार अर्जी निकालकर बादशाह की खिदमत में पेश की। बादशाह ने क्षण-भर अर्जी की तरफ देखा और संकेत किया। सफीर ने अर्जी उठाकर वजीर के रूबरू पेश की। वजीर ने उसे खोलकर पढ़ा और नीची नजर कर ली।
“जहाँपनाह, गुलाम अर्ज नहीं कर सकता।”
“क्यों?”
“निहायत मुस्तखाना अल्फाज लिखे हैं।”
वजीर ने खत पढ़कर सुना दिया। खत में लिखा था कि अगर दो करोड़ रुपये फौरन दाखिल नहीं किये जाएंगे तो दिल्ली की ईंट-से-ईंट बजा दी जाएगी।
सुनकर बादशाह ने क्रोध नहीं किया। आश्चर्य से उनकी भौंहें चढ़ गईं। एक अमीर की ओर उन्मुख होकर उन्होंने कहा—“क्या यह मुमकिन है कि यह शख्स दिल्ली की ईंट-से-ईंट बजा देगा?”
अमीर ने अत्यन्त आश्चर्य का भाव प्रकट करके कहा—“जहाँपनाह, यह कतई नामुमकिन है।”
बादशाह ने फिर एक बार अमीरों पर नजर दौड़ाकर कहा—“यह अर्जी शराब की सुराही में डुबो दी जाए और एक-एक प्याला इस मूजी के जाम पर पिया जाए।”
दरबार में फिर कुर्निश होने लगी और “करामात! करामात!” का शोर उठ खड़ा हुआ। शराब का दौर चल रहा था। दूत चुपचाप हाथ बाँधे खड़ा था। उसने अवसर पाकर अर्ज की—“जहाँपनाह, मुझे क्या हुक्म है?”
बादशाह ने हुक्म दिया—“पाँच सौ अशर्फियाँ और एक दुशाला इसे इनाम में दिया जाए।”
दूत ने मुस्कराकर आदाब अर्ज की और चल दिया।
आँधी की तरह नादिरशाह दिल्ली में घुस आया। दिल्ली को लूटकर उसने आग लगा दी। सारा शहर धायँ-धायँ जलने लगा, किले के फाटक तोड़ डाले गए और अग्निबाण आ-आकर रंगमहल के चौक में पड़ने लगे। उन्मत्त बादशाह का सारा भंग फीका पड़ने लगा। उसने नादिरशाह के लिए किले का फाटक खोल दिया। भरे दरबार में उसका स्वागत करके तख्त-ए-ताऊस पर अपने पास बराबर में बिठाया।
प्रतापी मुगलों के इतिहास में यह पहली घटना थी कि बादशाह के साथ तख्त-ए-ताऊस पर कोई दूसरा बैठे, परन्तु नगर और किले पर नादिरशाह का अधिकार हो गया था। बादशाह ने सिर झुकाकर तख्त-ए-ताऊस उसकी नजर कर दिया।
नादिरशाह ने सेना को विश्राम के लिए आज्ञा दे दी। नागरिकों को अभयदान दिया। बादशाह से नादिरशाह ने दोस्ती कर ली। दो करोड़ रुपये नादिरशाह को दिये गए। अब उसकी खातिर-तवाजो में दिल्ली में जश्न मनाया जाने लगा। उजड़े और लुटे हुए नागरिक अपने जले-भुने घरों में दीपावली करने को लाचार हुए। रोते-रोते नागरिकों ने नाच-रंग के ठाठ जमाये। महलों में भी जलसे होने लगे।
रात का समय था। शाही महल में हजारों फानूस जल रहे थे। नाच-रंग का दौर-दौरा था। बादशाह सलामत अपनी बहुत-सी गजलें नादिरशाह को सुना चुके थे। दो पहर रात जा चुकी थी। नाच-रंग फीका पड़ गया था। शराब पीते-पीते बदहवास होकर बादशाह हरम में ले जाए गए। नादिरशाह दीवाने-खास में अपने मुसाहिबों के साथ बैठकर कुछ गम्भीर चिन्तन कर रहा था। एकाएक उसने हुक्म दिया कि महल की तमाम शहजादियाँ मेरे रूबरू की जाएँ।
सन्नाटा छा गया, मगर किसकी मजाल थी जो नादिरशाह की हुक्मउदूली करे। पलक मारते ही सब शहजादियाँ और बेगमात सामने सिर झुकाकर खड़ी हो गईं।
एक बार नादिरशाह ने छिपी नजर से सबको देखा, कमर से तलवार खोलकर उसने सामने चौकी पर रख दी और वह आँखें बन्द करके तख्त-ए-ताऊस पर लेट गया। कई मिनट तक वह उठा नहीं। बाद में खड़ा हो गया। उसने लाल-लाल आँखों से घूर-घूरकर प्रत्येक स्त्री को देखा। इसके बाद उसने गम्भीर स्वर से कहा—
“तुम लोग मुगल शहजादियाँ और बेगमात हो, मगर इस कदर बेशर्म कि बिना ताज-ए-मुगल दुश्मन के सामने आ खड़ी हुईं। तुममें से इतनी गैरत किसी में नहीं कि जो इस बेहुर्मती के बजाय अपनी जान पर खेल जाती?
मैंने जान-बूझकर तलवार खोलकर दूर रख दी थी कि कोई आबरूदार जोश में आ जाए और अपनी तौहीन के बदले में मेरे कलेजे में कटार भोंक दे। इसी इन्तजारी में आँखें बन्द किए इतनी देर पड़ा रहा, मगर अफसोस, तुम पानीदार औरतें नहीं।
ओ जलील औरतों, क्या तुमसे यह उम्मीद की जाए कि तुम हिन्दुस्तान पर हुकूमत करने वाले बच्चे पैदा कर सकती हो? दूर हो जाओ मेरी आँखों के सामने से!”
अगले दिन शहर में हवा फैल गई कि नादिरशाह मर गया। दुकानें बन्द होने लगीं। बाजार-गलियों में उसके सिपाही मौत के घाट उतारे जाने लगे। नादिरशाह ने जब यह सुना तो चढ़ घोड़े पर चढ़कर चाँदनी चौक में निकला।
आजकल जहाँ फव्वारा है, उसी के सामने सुनहरी मस्जिद है। सुनहरी मस्जिद के निकट आने पर नादिरशाह पर पत्थर बरसने लगे। क्रोध में भरकर नादिरशाह सुनहरी मस्जिद में चला गया। उसने तलवार ऊँची करके हुक्म दिया—“कत्लेआम!”
हजारों बर्बर सिपाही नगर की गलियों में घुस पड़े। न कहने और न देखने योग्य दृश्य दिखाई देने लगे। बूढ़ा, बालक, बच्चा कोई भी ईरानी तलवार से नहीं बचने पाया। हाहाकार मच गया। लाशें गली-कूचों में पड़ने लगीं। घरों से चीत्कारियाँ आने लगीं। बलात्कार के रोमांचकारी दृश्य दिखाई पड़ने लगे।
चार दिन बीत गए। कत्लेआम रुका नहीं। शहर लाशों से पट गया। बाजार जलकर राख के ढेर बन गए। नादिरशाह दीवाने-खास में तख्त-ए-ताऊस पर बैठा था। उसका चेहरा गम्भीर था।
बूढ़े और लाचार बादशाह ने काँपते-काँपते आकर अपनी पगड़ी उसके कदमों में रख दी। वजीर और अमीर जमीन पर लोट गए। “रहम, रहम” सबकी जबान पर था।
नादिरशाह ने बादशाह की दीन दशा को देखकर कत्लेआम रोक देने का हुक्म दिया। उसे तख्त-ए-ताऊस ले जाने का अपने सिपाहियों को हुक्म दिया। तमाम शाही खजाना लूट लिया गया। पन्द्रह करोड़ रुपया, तीन सौ हाथी, दस हजार घोड़े, कई हजार ऊँट, कोहिनूर हीरा और आठ करोड़ का तख्त-ए-ताऊस लेकर वह चला गया। उजाड़, जली हुई, मुर्दों से पटी हुई, हाहाकार से भरी दिल्ली यहीं रही।
दिल्ली से अतुल धन-सम्पदा लूटकर नादिरशाह जब अपने देश को वापस लौट रहा था, तब अटक के पास सिखों ने धावा करके उसकी अधिकांश सम्पदा लूट ली। यह देख उसने लाहौर के मुगल गवर्नर से कहा कि सिखों से सावधान रहो, नहीं तो यह पुनः पंजाब हथिया लेंगे। इससे शंकित होकर जकरिया खाँ ने सिखों के किले रामगढ़ पर आक्रमण करके उसे नष्ट कर दिया और सिखों का खुलेआम सिर काट लेने का ऐलान किया। एक सिख के कटे सिर का मूल्य एक बिस्तर और एक कम्बल दिया जाने लगा। छिपे सिख की सूचना देने पर दस रुपया और जीवित सिख पकड़ने पर पचास रुपया इनाम दिया जाता था।
जकरिया खाँ की मृत्यु के बाद उसका पुत्र याहिया खाँ पंजाब का गवर्नर बना। उसने अपने दीवान लखपतराय को सिखों को नष्ट करने का कार्य सौंपा। लखपतराय ने लाहौर के सारे सिखों को पकड़कर कत्ल करने के लिए भंगियों के हाथों सौंप दिया। उसने मुनादी करा दी कि सिखों के धर्मग्रन्थों को कोई न पढ़े। जो उन्हें पढ़ता पाया जाता, उसका पेट चीर दिया जाता था। ग्रन्थ साहब को इकट्ठा कराके नदी में फिकवा दिया। अमृतसर का तालाब मिट्टी से भरवा दिया। काहलूबाल के घने जंगलों में पन्द्रह हजार सिख छिपे हुए थे, उन्हें ढूँढ़-ढूँढ़कर तोपों और बन्दूकों से मारा गया। सात हजार वहीं मारे गए और तीन हजार को कैद करके लाहौर लाकर गुरुद्वारा शहीदगंज में कत्ल किया गया। सिखों के कटे हुए सिरों के मिनारे बनाए गए और शरीरों को मस्जिद की दीवारों में चिन दिया गया। बहुतों की खोपड़ियाँ उतरवाई गईं, जिससे अपार यातना सहकर उनके प्राण निकले।
इसके बाद दिल्ली की शान्ति छिन्न-भिन्न हो गई। दक्षिण, मालवा, गुजरात, राजपूताना, सब दिल्ली के अधिकार से बाहर हो गए। अब बंगाल के नवाब अलीवर्दी खाँ ने भी अपने को स्वतंत्र घोषित कर दिया और खिराज देना बन्द कर दिया। यह सब उलट-पुलट माया के जादू से—औरंगजेब की मृत्यु के बाद सिर्फ तीस वर्ष के भीतर-भीतर हो गई।
मुहम्मदशाह के मरने पर उसका बेटा अहमदशाह तख्त पर बैठा। छः वर्ष राज्य करने के बाद गाजीउद्दीन इमादउलमुल्क नामक वजीर ने उसको पटककर आँखें निकाल लीं और जहाँदार के बेटे अजीजुद्दीन को तख्त पर बैठाया। उसका नाम आलमगीर द्वितीय रखा। उसके गद्दी पर बैठने के थोड़े दिन बाद अहमदशाह दुर्रानी ने भयानक रीति से दिल्ली को लूटा, फिर वह मथुरा पर टूट पड़ा और वहाँ कत्लेआम मचा दिया और लौट गया। अब गाजीउद्दीन ने बादशाह से बिगड़कर मराठों को बुलाया। पेशवा का भाई रघुनाथराव दिल्ली आया और दुर्रानी को मार भगाया। अब मराठों का आधिपत्य सर्वोपरि हो गया और वे प्रत्येक प्रान्त से चौथ वसूल करने लगे।
दुर्रानी फिर एक भारी सेना लेकर चढ़ आया। यह देख गाजीउद्दीन ने आलमगीर द्वितीय को मरवा डाला और स्वयं जाटों की रियासत में भाग गया। उधर मराठे बड़े दर्प से दुर्रानी का मुकाबला करने पानीपत के मैदान में आ डटे। परन्तु परस्पर की फूट और विग्रह ने उनका पतन किया। होलकर और सूरजमल लड़ाई से फिर गए। दो लाख मराठे काट डाले गए और बाईस हजार को पकड़कर दुर्रानी गुलाम बनाकर ले गया। इस घटना ने महाराष्ट्र में हाहाकार मचा दिया।
इस युद्ध के बाद अली गौहर गद्दी पर बैठा और अपना नाम शाहआलम द्वितीय रखा। उसके समय में गुलाम कादिर नामक एक सरदार रुहेलों को चढ़ा लाया। गुलाम कादिर जोर से महल में घुस गया और बादशाह को तख्त के नीचे गिराकर उसकी छाती पर चढ़ बैठा। कटार से आँखें निकालकर बाहर फेंक दीं। फिर किले को खूब लूटा। यहाँ तक कि बेगमों के बदन से कपड़े भी उतरवा लिए। मराठों ने जब यह सुना, तो महादजी सिंधिया तुरन्त दिल्ली आ धमके और गुलाम कादिर को पकड़कर टुकड़े-टुकड़े कर डाला। इसके बाद सिंधिया ने बादशाह को तो किले में बन्द कर दिया और नगर में अपना कब्जा कर लिया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें