रविवार, 1 नवंबर 2026

जौनपुर के शाही पुल की कहानी: अलीकुली खान का अंत

ईरान के बादशाह तहमस्य की सैनिक सहायता से हुमायूं ने दिल्ली की गाड़ी फिर से हासिल कर ली थी मगर बूढ़े बीमार और नशेबाज बादशाह को राज सुख उठाने का मौका नहीं मिला। 

दिल्ली के पुराने किले में शेर मंडल की सीढ़ियों से जल्दबाजी में उतरते हुए बादशाह गिर पड़ा और सर में चोट लगने से हुमायूं का इंतकाल हो गया। 

सीढ़ी का वह टूटा पायदान अभी भी है जिसे हुमायूं के सिपहसालारों ने  गुस्से में तोड़ दिया था। जल्दी-जल्दी शहजादे मोहम्मद जलालुद्दीन को,जो करीब 15 बरस का था, गद्दीनशीन किया गया। शाहज़ादे ने अकबर नाम ग्रहण करके बादशाहत शुरू की। कच्ची उम्र और पिता के निर्वासित होने से पूरी शिक्षा न मिलने के कारण उसके बारे में मरहम बादशाह के हर खास सरदार को गुमान था कि असल बादशाहत वो खुद करेगा और नया बादशाह केवल तख्त को रोशन करता रहेगा,मगर किशोर अकबर ने गद्दी संभालते ही जो अपनी पकड़ मजबूत की तो एक के बाद एक पुराने सरदार उसके ज़लाल के आगे बे-रौनक होते चले गए

हुमायूँ की ओर से लड़ने वालों में बैरम खाँ के बाद दूसरा नाम खानजमां (अलीकुली खाँ) का था। ये दोनों ईरान से हुमायूँ के साथ आये थे। अतएव कई पीढ़ियों तक ईरानियों का मुगल दरबार में दबदबा बना रहा। बैरम खाँ खानखाना के खात्मे के बारे में बहुत लिखा गया है। मगर अलीकुली खाँ के अंत के बारे में कम ही लोग जानते हैं।

मुगलों के पहले दिल्ली पर पठान शासन करते थे। मौका पाते ही पठानों ने शेरशाह सूरी की अगुवाई में दिल्ली पर कब्जा जमा लिया। हुमायूँ के पुनः दिल्ली जीतने के बाद वे दिल्ली से हटकर बरसों बार-बार मुगलों से लोहा लेते रहे। अकबर के तख्तनशीन होते ही पठानों ने स्वर्गीय शेरशाह के अनुगामी हेमू बक्काल के नेतृत्व में हमला करके दिल्ली पर अधिकार जमा लिया। यह अकबर के सामने जीवन अथवा मरण की पहली चुनौती थी। होनहार अकबर ने कतई घबराहट नहीं दिखाई और खुद मोर्चा सँभालते हुए पानीपत आ पहुँचा। दूसरी सेना खानजमां के नेतृत्व में आ पहुँची। खानजमां अलीकुली खाँ भूखे शेर की तरह हेमू की सेना पर टूट पड़ा। हेमू को जिंदा पकड़कर उसने बादशाह के सामने पेश किया, जिसे बाद में कत्ल कर दिया गया।

इससे अकबर ने प्रसन्न होकर सम्भल तथा दोआबा की जागीर और अमीरुल उमरा की उपाधि प्रदान की। इससे पहले दीपालपुर की लड़ाई में जब शाही लश्कर घिर गया था, तो बड़ी बहादुरी से लड़ते हुए खानजमां और उसके छोटे भाई बहादुर खाँ ने पठानों को भगाकर पासा पलट दिया था। फिर जब कम्बर दीवाना की अगुवाई में पठानों ने हमला करके सम्भल के किले पर कब्जा जमा लिया, तो बादशाह अकबर ने अलीकुली खाँ को वहाँ भेजा। अलीकुली खाँ ने कम्बर दीवाना को मार गिराया और उसका सिर काटकर बादशाह के पास भेजा। इस पर अकबर ने अलीकुली खाँ को खानजमां की उपाधि से विभूषित किया।

अपने पिता हैदर सुल्तान के साथ ईरान से दोनों भाई हुमायूँ बादशाह के लश्कर में भारत आये थे। पिता की मृत्यु पर अलीकुली खाँ को शाही बावर्चीखाने का निरीक्षक बनाया गया। अपनी बहादुरी के बूते पर अलीकुली खाँ और बहादुर खाँ ने पहले लखनऊ, फिर जौनपुर के आगे तक पठानों को खदेड़कर भगा दिया और उनका मालमत्ता लूट लिया।

अलीकुली खाँ ने सारी सफलता देखते-देखते साल-डेढ़ साल में प्राप्त की थी। उसकी इस तरक्की से चापलूसों ने अकबर का कान भरना शुरू कर दिया। जहाँ सत्ता होती है, वहाँ चुगलखोरी भी होती है। जब एक चापलूस बरगलाता है, तो चुगलखोरी होती है। जब कई चुगलखोर एक लक्ष्य से बरगलाते हैं, तो षड्यंत्र होता है।

जब हुमायूँ ईरान से लौटा था, तो उसकी निजी सेवा की टुकड़ी में दो खूबसूरत और चुहलमिजाज लड़के थे—खुशहाल बेग और शाहम बेग। शाहम बेग ईरान के बादशाह तहमास्य के एक सामंत हैदर उल्फती का पुत्र था। इसलिए अमीरों के शौक, पसंद व आदतों से वाकिफ था। हुमायूँ बादशाह के इंतकाल के बाद शाहम बेग अकबर के खासों में नियुक्त हुआ। अकबर खुद किशोर आयु का था तथा कभी ईरान नहीं रहा था। यौवन की उमंग में अकबर की अभिरुचि युद्ध, साम्राज्य-वृद्धि, राजकाज तथा शौर्य-प्रदर्शन में थी। उसमें अस्वाभाविक कुटेव नहीं था।

अकबर की अन्यमनस्कता पर शाहम बेग को अपने पास रखने की होड़ ईरानी अमीरों में बढ़ी। मुल्ला पीर मुहम्मद और अलीकुली खाँ आगे-आगे थे। मगर पीर मुहम्मद की बेजा हरकत की खबर अकबर को लग गयी। उसने पीर मुहम्मद को दरबार से निकाल बाहर किया। अब अलीकुली खाँ का पौ बारह हो गया। इस बीच पंजाब में पठानों की हलचल हुई। जब अलीकुली खाँ जालंधर भेजा गया और शाहम बेग को अपने साथ लेता गया, तो उसकी इस लुकाछिपी का पर्दाफाश हुआ। नवयुवक सम्राट को यह बुरा लगा; क्योंकि शाहम बेग उसके सेवकों में था।

अकबर के सामने एक नये साम्राज्य का सपना था और वह नहीं चाहता था कि छोटी-छोटी बातों से कोई महत्वपूर्ण व्यक्ति नाराज हो। फिर वह हर एक को एक के बाद एक ले सकता था, वरना घर के भीतर विद्रोह सुलग पड़ता। इस बीच शाहम बेग को लेकर बादशाह की नाराजगी को अपनी क्षमा-याचना एवं मिन्नतों से मुल्ला पीर मुहम्मद ने दूर कर दिया और वह फिर दरबार में बहाल हो गया। मगर शाहम बेग उसे चुभता रहा, जो अलीकुली खाँ के पास था। पीर मुहम्मद राजधानी व दरबार में रहता था और अलीकुली खाँ रणक्षेत्र में या जागीर में। इसलिए जब जरा भी मौका मिलता, पीर मुहम्मद अलीकुली खाँ के खिलाफ अपनी चुगली और कूटनीति से विरत नहीं रहता था।

उसी समय कोड़िया अफगानों ने बंगाल में विद्रोह किया। शाही फरमान पाते ही जौनपुर से अलीकुली खाँ बंगाल पर चढ़ दौड़ा। उसने वहाँ पठानों को मार-मारकर ढेर लगा दिया। इससे बादशाह अकबर प्रसन्न हो गया और अब तक की शंकाओं को निराधार मानकर भुला दिया। मुख्य शंका यह थी कि जौनपुर-विजय के समय सिकन्दर खाँ अली से लूटी सामग्री शाही सेना में नहीं भेजी गयी थी। उससे बड़ी सेवा और राज्य शाही तख्त को प्राप्त हुआ था। इससे पीर मुहम्मद की बात पर बादशाह ने कान नहीं दिया।

बंगाल से लौटने पर अलीकुली खाँ ने पाया कि सिकन्दर अली के पुत्र को शेर खाँ की पदवी देकर पठानों ने फिर उपद्रव कर दिया। चुनार के किले को जीतकर उसने जौनपुर पर आक्रमण किया। कुछ थकावट और कुछ विलासिता का दौर, अलीकुली खाँ रागरंग में मस्त रहा। यहाँ तक कि शेर खाँ ने जब गोमती नदी पार करके शहर में घुसना शुरू किया, तो शेर की तरह दहाड़ते हुए अलीकुली खाँ किले से निकलकर उस पर टूट पड़ा। बड़ी संख्या में होते हुए भी पठान टिक न सके और सब कुछ गंवाकर भाग खड़े हुए।

इससे पहले लखनऊ-विजय के समय वह पठानों के आक्रमण से लापरवाह भोजन करता रहा, फिर शतरंज खेलने लगा। जब सहन न हुआ, तो उठते ही तीन हजार की सेना से अलीकुली खाँ ने बीस हजार पठानों को जीता ही नहीं, आठ कोस तक खदेड़कर ही दम लिया। ऐसे जीवट का था अलीकुली खाँ।

बार-बार की विजय ने अलीकुली खाँ को अलमस्त कर दिया था। शेर खाँ से लूटी गयी अशर्फियाँ, हाथी, घोड़े, रसद में से कुछ भी उसने बादशाह को नहीं भेजा। शर्की बादशाहों के समय से जौनपुर इस्लामिक शिक्षा का ही नहीं, संगीत, नृत्य और कलाओं का केन्द्र बन गया था। अलीकुली खाँ एक योद्धा ही नहीं, कवि भी था। उसने अपने दरबार में गजाली आदि अनेक कवियों को आश्रय दिया था।

जब से अलीकुली खाँ ने जौनपुर देखा, तब से वह बार-बार घूमकर जौनपुर आ जाता था। जौनपुर के मदमाते वातावरण को और मदहोश करती थीं—आरामजान की दिलकश अदाएँ। जब महफिल में शराब के जाम बहकते हुए ढलते, तो समझ में न आता कि वे ज्यादा चंचल हैं या आरामजान के लहराते गोरे हाथ, मेहंदी-सजी पतली-पतली उँगलियाँ अथवा सुर-ताल के बीच खनकती पायल की रुनझुन। जब गुलाब और केवड़े की बौछार के मध्य झूलते हुए फानूसों की लौ झिलमिलाती, तो समझ न पड़ता कि रोशनी उन शमादानों में अधिक नशीली है या आरामजान की कटीली कजरारी आँखों में। जब महफिल लोबान के उतराते, छितराते, महकते धुएँ से भर उठती, तो भ्रम हो जाता कि लचक उस धुएँ की लकीर में ज्यादा है या कमसिन आरामजान की कमर में। उस सुनहरे सपने की परी-सी आरामजान पर जो अलीकुली खाँ रीझा, तो रीझता ही चला गया।

पहले सिकन्दर खाँ अली से, फिर शेर खाँ से लूटी सामग्री बादशाह को न भेजने पर पीर मुहम्मद ने फिर चुगली की। तहकीकात से यह बात और खानजमां के रागरंग की खबर सच साबित हो गयी। यह साफ बेअदबी थी। बादशाह अकबर ने दण्डित करने के लिए मुनइम खाँ खानखाना के नेतृत्व में फौज भेजी। फिर खुद चल पड़ा और कड़ा (इलाहाबाद) आकर डेरा डाला। जब यह खबर खानजमां को मिली तो उसके होश उड़ गये। अनुज बहादुर खाँ के साथ कड़ा दरबार में शीघ्र जा पहुँचा। खानजमां को मालूम था कि युवक सम्राट को हाथियों का बेहद शौक है।

क्रमशः...💐

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

जब एक बालक ने एक उंगली पर पर्वत उठा लिया

*जब एक बालक ने पूरा पर्वत उँगली पर उठा लिया* 🪔🚩(इन्द्र की पूजा की जगह उस पर्वत की पूजा का सुझाव जो सचमुच भरण करता था, देवराज क...