शनिवार, 7 नवंबर 2026

जौनपुर का शाही पुल: खानजमा के आतंक और अहंकार का दर्दनाक अंत

(दूसरे भाग से आगे....!!)💐

खानजमां को न पाकर और गाजीपुर की व्यवस्था करके बादशाह फिर जौनपुर लौट आया। अलीकुली खाँ ने अपनी माँ को मिर्जा मीरक रिजवी के साथ बादशाह से मुआफीनामा दिलाने हेतु भेजा।

खानजमां की वालिदा की जईफी, आरजू और पुरानी खिदमत को याद दिलाने पर बादशाह एक बार फिर पिघल गया। उसने अलीकुली खाँ को आने की आज्ञा दी और क्षमा कर दिया। उसने यह निवेदन भी मान लिया कि जौनपुर की जागीर पूर्ववत उनके पास रहने दी जाय।

जब बादशाह जौनपुर में निवास कर रहा था, तो एक दिन नौका-विहार का कार्यक्रम बना। साँझ हो रही थी। किले के नीचे से बादशाह शाही नाव पर सवार हुए। सूरज डूब चुका था, मगर पश्चिम में सिंदूरी छटा छायी हुई थी। नीचे गोमती का जल स्थिर लगता था, जिस पर हौले-हौले दबे पाँव रात उतर रही थी। नाव पर गपशप तथा सुगंधित पेय का लुत्फ सभी उठा रहे थे। नाव किले से आगे पश्चिम की ओर बढ़ी, तो अचानक एक दम तोड़ती सिसकारी की आवाज से वातावरण करुणा से भर गया। चापलूसों ने आवाज को दबाने के लिए दूसरे विषय छेड़ दिये, मगर सजग सम्राट की निगाह आवाज की वजह खोज रही थी। एक औरत किनारे पर मुँह ढाँपे रोती हुई दिखाई पड़ी।

बादशाह का हृदय इस चीत्कार पर द्रवित हो उठा। उसने नाव किनारे ले जाकर महिला से खुद बात करने का आदेश दिया। वह मामूली औरत बादशाह को सामने देखकर भागने लगी। उसे दिलासा देकर बादशाह ने बुलवाया। उसने बताया कि उस विधवा के एक छोटे बच्चे के सिवाय कोई नहीं है। पेट पालने के लिए वह सूत कातने का काम करती है। वह काता हुआ सूत बेचने उर्दू बाजार आयी थी। दाम देर से मिला। यहाँ मल्लाह नाव लेकर उस पार चला गया। अब सबेरे नाव मिलेगी। न जाने उसके इकलौते छोटे बच्चे की भूख-प्यास से क्या हालत होगी।

बड़े पुरुष निरुपाय का आर्तनाद नहीं सह सकते हैं। बादशाह ने न केवल उस लाचार महिला को शाही नौका से उस पार उतारा, बल्कि बख्शीश भी दी। उसने आदेश दिया कि दीन-दुखियों को नदी पार उतरवाने की सरकारी व्यवस्था की जाय।

बादशाह गंभीर था। अतः सभी सन्नाटे में थे। किनारे से शर्की बादशाहों की बनवाई मस्जिदें, दुर्ग और भव्य भवनों के खंडहर दिखलायी दे रहे थे। बादशाह अचानक बोल उठा, “शर्की बादशाहों ने लम्बा शासन किया। खूबसूरत इमारतें, आलीशान मस्जिदें और मजबूत किला बनवाया। अगर उन्होंने दरिया पर एक पुल बँधवा दिया होता, तो लोग सैकड़ों बरसों तक उनके इस काम का गुणगान करते।”

सब तो चुप रहे, मगर हाजिरजवाब मुनइम खानखाना ने बेसाख्ता कहा, “हुजूर, वे सुलतान यह काम इसलिए अंजाम नहीं दे सके कि परवरदिगार ने यह काम आप जैसे महान रहमदिल बादशाह के खाते में लिख रखा है।”

इस उक्ति पर बादशाह फड़क उठा। उसने वहीं निर्माण करने की स्वीकृति प्रदान कर दी। खानखाना ने शाही आदेश होते ही निर्माण कार्य आरम्भ करा दिया। उस समय के शिल्पकारों ने पुल पश्चिम की ओर कुछ दूर हटकर बनाने का सुझाव दिया, जहाँ गर्मी में पानी सूख जाता है। मगर खानखाना ने शाही आदेश के अनुसार पुल किले के नजदीक बनाने को कहा, जिससे प्रजा को सुविधा रहे।

सन् 1564 में पुल बनना शुरू हुआ, जो दो भागों में बना है। एक तरफ निर्माण करते हुए दूसरी तरफ से नदी को बहने देने के लिए ऐसा हुआ। पंद्रह पायों के करीब सवा पाँच सौ फीट लम्बे इस पुल के निर्माण तथा इस कथा को सैयद इकबाल अहमद की मशहूर किताब ‘शर्की राज्य जौनपुर का इतिहास’ से लिया गया है।

जौनपुर से रुखसत होते समय बादशाह ने आसिफ खाँ हरवी को पकड़ने के वास्ते मेहंदी, कासिम खाँ को चार हजार घुड़सवारों की फौज के साथ रवाना किया। आसिफ खाँ भागकर अलीकुली खाँ के पास आया, जिसने उसे शरण दे दी। कासिम खाँ ने लौटकर बादशाह को खबर दी, तो उसका मन फिर अलीकुली खाँ से खट्टा हुआ। आसिफ खाँ ने अलीकुली खाँ के यहाँ से भागकर फिर उत्पात किया। इस पर बहादुर खाँ ने पीछा करके उसे घायल किया। फिर जौनपुर लाकर जेल में डाल दिया।

बादशाह के जाने के बाद ही अलीकुली खाँ ने शाहम बेग की खोज-खबर ली। सुरहरपुर (जिसे बाद में थोड़ी दूर पर अकबरपुर के नाम से बसाया गया) में अब्दुर्रहमान ने शाहम बेग की आवभगत की थी। शाहम बेग ने अब्दुर्रहमान को खूब प्रसन्न करके फरमाइश की कि आरामजान को भी सुरहरपुर बुलवा लिया जाय।

प्रिय शाहम बेग के संदेश तथा अब्दुर्रहमान की व्यवस्था से जौनपुर में उपेक्षित पड़ी आरामजान सुरहरपुर आ गयी। शाहम बेग आरामजान को पाकर फूला नहीं समाया। आरामजान भी खूबसूरत और नौजवान प्रेमी शाहम बेग को क्यों न चाहती।

आरामजान के रूप, अदाओं और हुनर का जादू अब्दुर्रहमान के सिर पर चढ़ने लगा। उसकी आरामजान में दिलचस्पी देखकर शाहम बेग को मानना पड़ा। वह चाहता था कि उसके, आरामजान और अब्दुर्रहमान के बीच वैसे ही बेपर्दा संबंध रहें, जैसे अलीकुली खाँ, उसके और आरामजान के मध्य थे। लेकिन अब्दुर्रहमान की फितरत खानजमां से भिन्न थी। वह आरामजान की सोहबत में कोई विघ्न नहीं चाहता था। आरामजान से आँखें चार होते ही वह उसके सौंदर्य पर न्योछावर हो चुका था। इस प्यार में साझेदारी असह्य थी।

अब्दुर्रहमान ने हिदायत कर दी कि शाहम बेग आरामजान से मिल न सके और न कोई संदेश आ-जा सके। शाहम बेग को पहली बार अपनी बेचारगी का एहसास हुआ। वह खून का घूँट पीकर रह गया। जैसे ही हालात सुधरे और अलीकुली खाँ को फिर जौनपुर की जागीर मिली, शाहम बेग ने उसे संदेश भेजा। अलीकुली खाँ ने तुरंत एक टुकड़ी मदद में भेजी, जिसने आकर महल घेर लिया। अब्दुर्रहमान गिरफ्तार कर लिया गया। आरामजान और शाहम बेग फिर एक हो गये। वे निर्द्वंद्व ऐश करने लगे। अब उन्हें इंतजार था तो खानजमां के बुलाने का, ताकि वे फिर जौनपुर के पुराने दिनों में जी सकें।

मगर उसके भाग्य में न अब आराम था, न आरामजान। अब्दुर्रहमान के भाई मोइद बेग ने अपनी टुकड़ी के साथ शाहम बेग पर हमला बोल दिया। जौनपुर से आयी टुकड़ी के साथ शाहम बेग ने उसे भगाना चाहा। शाहम बेग पीछे था, मगर मार-काट में एक तीर आकर उसे लगा और वह गिरकर चल बसा। उसके गिरते ही सेना का मनोबल टूट गया। अब्दुर्रहमान आजाद करा लिया गया।

शाहम बेग की मौत की खबर पाते ही खानजमां आपे में न रहा। वह दौड़ता हुआ गया। उसने अब्दुर्रहमान को मार डालना चाहा, मगर वह गंगा के किनारे-किनारे जंगल में खो गया। खानजमां शाहम बेग की लाश को मातम मनाता हुआ जौनपुर ले आया। उसने शाहम बेग का बड़ा मकबरा बनवाया। मकबरा तो ध्वस्त हो गया, मगर छोटी-सी कब्र जौनपुर के खास हौज मुहल्ले में टीले पर मौजूद है।

आरामजान जूठी हो चुकी थी। अलीकुली खाँ के टूटे दिल ने उसकी ओर देखा भी नहीं। फिर खानजमां का दिल कहीं जमा नहीं। बादशाह को जब शाहम बेग के इंतकाल की खबर मिली, तो उसे संतोष हुआ। अब खानजमां काम में मन लगायेगा, मगर यह भ्रम साबित हुआ। खानजमां अब जख्मी शेर की तरह हमलावर हो गया था। सच तो यह है कि उसके सिर पर शाहम बेग का भूत सवार था।

इस बार जौनपुर की जागीरदारी मिले दो बरस हो गये थे, जब अलीकुली खाँ ने फिर खुराफात की। अकबर उस समय लाहौर में था।

उसने अकबर के छोटे भाई हुकूम मिर्जा की बादशाहत घोषित की। इस कठपुतली को आगे करके खानजमां ने गाजीपुर से लखनऊ-कन्नौज तक अपनी हुकूमत शुरू कर दी। खबर पाते ही बादशाह ने लाहौर से कूच किया। आगरा से दो हजार हाथी तथा मुकम्मल फौज लेकर जौनपुर चला। बादशाह के आने की खबर पाते ही अलीकुली खाँ अपने भाई को साथ लेने पहुँचा, जो कड़ा में सेना के साथ था। जौनपुर में अलीकुली खाँ को न पाकर बादशाह ने परिवार को जौनपुर में छोड़ा और सेना के साथ जल्द ही कड़ा आ पहुँचा।

हुक्म हुआ कि आधी रात तक आराम करने के बाद रातोंरात पूरी फौज उस पार उतर जाएगी। बादशाह ने जानकारों से परामर्श करके रातोंरात युद्ध की व्यूह-रचना तथा सेनाओं के सेनापति निर्धारित कर दिये। बादशाह इतना दिलेर था कि सबसे ज्यादा खतरे का काम खुद अपने जिम्मे रखता था। आधी रात के बाद सुंदरम नामक हाथी पर सवार होकर युवक बादशाह ने पहले गंगा नदी पार की।

सन् 1567, बकरीद, सोमवार का दिन था। पौ फट रही थी। बादशाह के चोबदार ने महफिल में हाथ उठाकर ऐलान किया, “गाफिलों, होश करो! जहाँपनाह तुम्हारे सिर पर खड़े हैं।” किंतु सबने इसे उसके नशे की बहक समझा। सब अपने शगल में मशगूल रहे। बुद्धिमान बादशाह के मन में खानजमां के पुराने एहसानों की याद तथा समझाकर रास्ते पर लाने की उम्मीद थी, जो इस रूबरू बेअदबी पर गुस्से में बदल गयी। उसने हमले के लिए तुरंत शाही नक्कारा बजाने का आदेश दिया। यह आक्रमण की घोषणा थी।

नक्कारे की धमक से सबके होश उड़ गये। जिसे जहाँ जगह मिली, वह भाग खड़ा हुआ। खानजमां के सैनिक उनींदे तथा थके थे। एक शाही सेनानायक बाबा खाँ काशकाल ने आगे बढ़कर आक्रमण किया, जिसे बहादुर खाँ ने हौसले से सजनू खाँ की सेना की ओर धकेल दिया। फिर दोनों सेनाओं पर उसने हमला कर दिया। इसे शाही सेना ने आगे बढ़कर विफल कर दिया। उसी समय बहादुर खाँ के घोड़े को एक तीर आकर लगा, इससे वह लाचार हो गया। बहादुर खाँ ने छलांग लगायी और पैदल युद्ध करने लगा। अब बादशाह ने हाथियों को आगे बढ़ाया। अलीकुली खाँ हाथी पर बैठकर युद्ध कर रहा था। बादशाह ने हीलनंद हाथी को मुकाबले के वास्ते भेजा। अलीकुली खाँ का हाथी पहली ही भिड़ंत में चोट खाकर बैठ गया।

शाही हाथियों का दौड़ाया जाता रेला पास आता जा रहा था। उसी समय एक तीर आकर खानजमां को लगा और वह घायल होकर पृथ्वी पर गिर पड़ा। वह उठने की कोशिश कर रहा था कि हाथियों का रेला आ पहुँचा। खानजमां हाथियों के रेले में कुचल गया। अभी उसका शरीर तड़प ही रहा था कि किसी ने उसका सिर काट लिया और बादशाह के सामने प्रस्तुत कर दिया।

बादशाह ने आह भरी। एक महान सेनापति का यह दयनीय अंत हुआ। तभी नजर बहार नामक सिपाही ने अधकुचले बहादुर खाँ को घोड़े पर लादकर बादशाह के सामने प्रस्तुत किया।

बेहाल बहादुर खाँ कुछ बोल न सका। उसकी आँखें झुक गयीं। वैसे भी वह बच नहीं सकता था। बादशाह ने उसे कत्ल करने का इशारा किया। दोनों कटे सिरों को प्रदर्शन हेतु आगरा रवाना किया गया। दोनों भाइयों के परिवारवालों को माँगने पर उनकी सिरकटी लाशें सौंप दी गयीं। उन लोगों ने इन लाशों को शाहम बेग के मकबरे के पास दफन कर दिया, जिनके चबूतरे आज भी भग्न अवस्था में हैं।

महज कुछ घंटे में दोनों भाइयों का सेना सहित सफाया हो गया था। बादशाह इलाहाबाद से बनारस पहुँचा। फिर जौनपुर आया। मुनइम खाँ खानखाना को जौनपुर सहित पूरे क्षेत्र का जागीरदार बनाया गया। गोमती पर बनने वाले पुल के आदेश को बादशाह भूला नहीं था। उसने मुनइम खाँ को आवश्यक निर्देश दिये। शाही पुल 1568 ई. में पूरा हुआ। विश्व में भारतीय इंजीनियरिंग का जीवंत प्रमाण है यह पुल, जो पिछले सवा चार सौ वर्षों से लगातार इस्तेमाल हो रहा है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

जब एक बालक ने एक उंगली पर पर्वत उठा लिया

*जब एक बालक ने पूरा पर्वत उँगली पर उठा लिया* 🪔🚩(इन्द्र की पूजा की जगह उस पर्वत की पूजा का सुझाव जो सचमुच भरण करता था, देवराज क...