शनिवार, 7 नवंबर 2026

आंगन-आंगन दिवाली: रीति-रीति उजास


भारत के विभिन्न अंचलों में दीपावली की अनूठी लोकपरंपराएँ

देश के अलग-अलग अंचलों में दिवाली से जुड़ी कई ऐसी अनूठी लोकरीतियाँ प्रचलित हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। कहीं मिट्टी से सने नन्हे हाथ बड़े चाव से ‘घरौंदे’ बनाते हैं, तो कहीं चौदह तरह की पत्तेदार सब्जियाँ पकाने की अनूठी परंपरा निभाई जाती है। इन्हीं अनोखी और समृद्ध लोकपरंपराओं के खूबसूरत रंगों को करीब से समझते हैं।

दिवाली की बेला आते ही भारतीय लोकजीवन में जैसे एक नई हलचल जाग उठती है। घर-आँगन की सफाई, देहरी पर गेरू की लाली, चावल के घोल से उभरती शुभ आकृतियाँ और मिट्टी के दीयों की टिमटिमाती लौ—सब मिलकर उत्सव की अगवानी करने लगते हैं। लेकिन इस पर्व का सौंदर्य इन्हीं तक सीमित नहीं है। भारत के अलग-अलग अंचलों में दिवाली की ऐसी अनेक लोकरीतियाँ प्रचलित हैं, जिनमें जन-मन की सहज आस्था, सुख-समृद्धि की कामना और पुरखों से मिली सांस्कृतिक स्मृतियाँ एक साथ साँस लेती हैं।

मिट्टी से सने हाथों से बनते घरौंदे

झारखंड और बिहार के कई इलाकों में दिवाली आते ही बच्चों के मन में घरौंदा बनाने की उमंग जाग उठती है। कहीं मिट्टी से उसकी दीवारें गढ़ी जाती हैं, कहीं छोटी-छोटी ईंटें जोड़कर कमरे बनाए जाते हैं। कोई उसके आगे आँगन बनाता है, कोई दरवाजे पर रंगोली सजाता है। छोटे-छोटे बर्तन, खिलौने और मिठाइयाँ रखकर इस घर को सजाया जाता है।

दिवाली के दिन इसकी पूजा होती है और दीये सजाए जाते हैं। घरौंदा बनाना बच्चों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होता। मिट्टी और गोबर जुटाने से लेकर दीवारें खड़ी करने और उन्हें सजाने तक, हर काम में उनकी अपनी कल्पना का संसार बसता है। घर के सभी बच्चे बड़े उत्साह से मिट्टी में अपने हाथ सान देते हैं और जब तक मिट्टी पूरी तरह तैयार न हो जाए, उसे गूँथने का सिलसिला चलता रहता है।

वहीं बीच-बीच में दादी घरौंदे को सजाने का अपना पुराना ढंग बताती हैं। दिवाली वाले दिन इसमें दो मिट्टी के घड़ों (चुक्की) में पाँच तरह के अन्न और मिठाई का मिश्रण बनाकर भरा जाता है। अगली सुबह उसी मिश्रण को बहनें अपने भाइयों को खिलाती हैं।

छोटी-सी जगह में पूरा घर बसाने की यह कोशिश देखते ही बनती है। घरौंदे के साथ सुखी गृहस्थी और समृद्ध भविष्य की कामना जुड़ी होती है। मिट्टी का यह छोटा-सा घर मानो आने वाले जीवन का प्रतीक बन जाता है।

आज घरौंदों के रूप बदल रहे हैं। कहीं रंगीन गत्ते और सजावटी सामान से घर बनाए जाते हैं, तो कहीं बाजार से तैयार घरौंदे लाकर सजाए जाते हैं। लेकिन उसके भीतर बसने वाला भाव वही है—अपना घर हो, उसमें सुख-शांति हो और आँगन में खुशियों की चहल-पहल बनी रहे।

देहरी पर उकेरे जाते हैं लक्ष्मी के पग

भारतीय लोकपरंपरा में देहरी का अपना विशेष महत्त्व है। यही घर के भीतर और बाहर की सीमा है, यहीं से अतिथि का आगमन होता है और यहीं शुभता के स्वागत में मंगल-चिह्न बनाए जाते हैं। दिवाली पर लक्ष्मी के चरण उकेरने की परंपरा इसी भाव को अपने भीतर समेटे हुए है।

पश्चिम बंगाल में अल्पना बनाने की परंपरा पुरानी है। चावल के घोल से धरती पर उकेरी गई आकृतियों में कमल, शुभ चिह्न और देवी लक्ष्मी के छोटे-छोटे पग विशेष आकर्षण रखते हैं। कई घरों में मुख्य द्वार से पूजा के स्थान तक ये चरण इस तरह बनाए जाते हैं, मानो माँ लक्ष्मी स्वयं चलकर घर के भीतर प्रवेश कर रही हों।

बंगाल में दिवाली की अमावस्या पर माँ काली की पूजा का विशेष महत्त्व है, फिर भी लक्ष्मी के स्वागत से जुड़ी ये लोकछवियाँ घर-आँगन की सजावट में अपना स्थान बनाए रखती हैं।

समय के साथ पूरे देश के कई इलाकों में दिवाली के अवसर पर देहरी और आँगन में लक्ष्मी के पग बनाने की परंपरा देखने को मिलती है। कहीं चावल के आटे से, कहीं गेरू और चूने से, तो कहीं रंगोली के रंगों से इन चरणों को उकेरा जाता है। उनके साथ कमल, स्वस्तिक और दूसरी शुभ आकृतियाँ भी बनाई जाती हैं।

इन नन्हे-नन्हे पगचिह्नों में समृद्धि की एक बड़ी कामना छिपी रहती है। घर में अन्न-धन की कमी न हो, काम-धंधे में बरकत बनी रहे और परिवार में सुख-शांति का उजास फैला रहे। जिस तरह किसी प्रिय अतिथि के स्वागत में आँगन सजाया जाता है, उसी तरह ये पग घर में मंगल के आगमन का आमंत्रण बन जाते हैं।

बनती हैं चौदह प्रकार की सब्जियाँ

पश्चिम बंगाल में दिवाली से एक दिन पहले भूत चतुर्दशी मनाई जाती है। इस अवसर पर कई घरों में चौदह दीपक जलाने की परंपरा है, जिसे ‘चौद्दो प्रदीप’ कहा जाता है। लोकविश्वास के अनुसार, इन दीपों की रोशनी पूर्वजों के स्वागत और स्मरण से जुड़ी है।

घर के अलग-अलग कोनों में दीये रखे जाते हैं, मानो अंधकार के बीच पुरखों के लिए प्रकाश का मार्ग बनाया जा रहा हो। इस परंपरा के साथ चौदह प्रकार की पत्तेदार सब्जियाँ खाने का रिवाज भी जुड़ा है, जिसे ‘चौद्दो शाक’ कहा जाता है। घर में सब्जियाँ जुटाने और उन्हें पकाने की तैयारी भी पर्व का हिस्सा बन जाती है।

अगली रात अमावस्या पर माँ काली की आराधना होती है। ओडिशा में दिवाली के अवसर पर ‘कौणरिया काठी’ की परंपरा निभाई जाती है। इसमें जूट के सूखे डंठलों को जलाकर ऊपर उठाया जाता है। इस अनुष्ठान को ‘बड़ा बडुआ डाका’ भी कहा जाता है।

लोकविश्वास है कि इन जलते तिनकों के माध्यम से पूर्वजों को पुकारा जाता है और उनके आशीर्वाद की कामना की जाती है। एक मान्यता के अनुसार, यह रोशनी पुरखों को उनके लोक की राह दिखाने का प्रतीक भी है।

सूखे तिनकों की लौ में लोकजीवन की कितनी गहरी संवेदना छिपी है! जिन पुरखों ने घर-परिवार की नींव रखी, जिनकी स्मृतियाँ पीढ़ियों की कहानियों में बची रहीं, उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह अपना ढंग है।

गोवा से बस्तर तक, दिवाली का मिजाज

गोवा में दिवाली से पहले नरकासुर के विशाल पुतले बनाए जाते हैं। कागज, घास और दूसरी सामग्रियों से बने इन पुतलों को रंगों और सजावट से आकर्षक रूप दिया जाता है। युवा इन्हें बनाने में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। फिर पुतलों को सड़कों पर घुमाया जाता है और उनका दहन किया जाता है।

भगवान कृष्ण द्वारा नरकासुर के वध की कथा से जुड़ी यह परंपरा बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।

उधर छत्तीसगढ़ के बस्तर में दिवाली का रंग कुछ अलग दिखाई देता है। यहाँ आदिवासी समुदायों का प्रमुख कृषि पर्व ‘दियारी’ आम दिवाली के लगभग डेढ़ महीने बाद मनाया जाता है। नई धान की फसल घर आने की खुशी में मनाया जाने वाला यह तीन से चार दिनों का उत्सव प्रकृति और पशुधन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।

दियारी की शुरुआत नई फसल की बालियों और नारायण राजा के प्रतीकात्मक विवाह अनुष्ठान से होती है। इसमें पारंपरिक चरवाहों, जिन्हें धोराई कहा जाता है, को विशेष सम्मान दिया जाता है।

पर्व के मुख्य दिन मिट्टी के बर्तनों में नए चावल, दालों और स्थानीय भाजियों को मिलाकर खिचड़ी बनाई जाती है। नहलाए गए गाय-बैलों को मोरपंख और पलाश की जड़ों से बनी ‘सौहई’ माला से सजाया जाता है और उन्हें यह खिचड़ी खिलाई जाती है।

उत्सव का समापन गौठान में मवेशियों की पारंपरिक दौड़, चरवाहों को सालभर की मेहनत के पारिश्रमिक के रूप में धान देने और मेहमानों के लिए आयोजित ‘बासी तिहार’ भोज के साथ होता है। इसके बाद बस्तर में प्रसिद्ध मेला-मड़ई का सिलसिला शुरू होता है।

खेती-किसानी से जुड़े इस पर्व में नई फसल की खुशी, पशुओं के प्रति अपनापन और सामुदायिक जीवन की आत्मीयता एक साथ दिखाई देती है।

मौन चरावण, दिवारी नृत्य और बूढ़ी दिवाली

दिवाली के उत्सव का विस्तार बुंदेलखंड से हिमाचल की पहाड़ियों और काशी के घाटों तक दिखाई देता है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में ‘मौन चरावण’ की परंपरा निभाई जाती है। इसमें घर के पुरुष कृष्ण का भेस धरकर गायों को चराते हुए चलते हैं। इस दौरान वे मौन व्रत धारण करते हैं। इसके बाद मोरपंख से सजी लाठियों के साथ ऊर्जावान ‘दिवारी नृत्य’ किया जाता है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ पहाड़ी इलाकों में मुख्य दिवाली के लगभग एक महीने बाद ‘बूढ़ी दिवाली’ मनाई जाती है। लोकमान्यता है कि भगवान राम के अयोध्या लौटने की खबर दूरदराज के गाँवों तक देर से पहुँची थी, इसलिए वहाँ बाद में उत्सव मनाया गया।

इस अवसर पर मशालें जलाई जाती हैं और पारंपरिक नृत्य किए जाते हैं। उधर, काशी में कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली ‘देव दीपावली’ गंगा के घाटों को दीपों से जगमगा देती है।

सूप संग लक्ष्मी भीतर, दरिद्र बाहर

दिवाली की एक परंपरा है दरिद्रता को खदेड़ना, जिसे कई इलाकों में ‘दलिद्दर खेदना’ भी कहा जाता है। बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ ग्रामीण अंचलों में प्रचलित इस रस्म में घर से दरिद्रता को बाहर करने और लक्ष्मी का स्वागत करने की कामना की जाती है।

दिवाली की रात या अगली सुबह घर की महिलाएँ सूप और डंडा लेकर घर के कोने-कोने में जाती हैं। सूप पर डंडे की थाप पड़ती है और उसकी आवाज के साथ लोकबोल गूँज उठते हैं—

‘लक्ष्मी भीतर, दरिद्र बाहर!’

कहीं यही बात स्थानीय बोली में दूसरे शब्दों के साथ कही जाती है—‘ईसर आए, दलिदर जाए’ या ‘ईसर आवें, दलिदर जावे।’ पर भाव वही रहता है। घर में बरकत आए, अभाव दूर हो और आने वाला समय मंगलमय बने।

इस रस्म का संबंध ग्रामीण जीवन के उस संसार से है, जहाँ सूप अनाज फटकने का रोजमर्रा का साधन रहा है। सूप में अनाज रखकर भूसी और दूसरी अशुद्धियों को अलग किया जाता है। लोककल्पना ने इसी साधारण क्रिया को एक प्रतीकात्मक अर्थ दे दिया है।

भारत की लोकपरंपराओं में दिवाली के अनेक रंग

भारत के अलग-अलग अंचलों में प्रचलित इन परंपराओं को देखें, तो दिवाली की सांस्कृतिक छवि अनेक रंगों में उभरती है। इन रीतियों को निभाने के लिए बड़े आयोजन या आडंबर की आवश्यकता नहीं। घर का आँगन, कुछ दीये, मिट्टी, सूप और परिवार के लोगों की सहभागिता ही उत्सव को अर्थवान बना देती है।

समय के साथ इन परंपराओं के रूप बदल रहे हैं। कुछ रीति-रिवाज अब सीमित गाँवों और परिवारों तक रह गए हैं, तो कुछ नए ढंग से निभाए जा रहे हैं। फिर भी उनके भीतर बसी कामना आज भी उतनी ही आत्मीय है—घर में अन्न की कमी न हो, मेहनत का फल मिले, परिवार सुरक्षित रहे और आने वाला समय खुशियाँ लेकर आए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

जब एक बालक ने एक उंगली पर पर्वत उठा लिया

*जब एक बालक ने पूरा पर्वत उँगली पर उठा लिया* 🪔🚩(इन्द्र की पूजा की जगह उस पर्वत की पूजा का सुझाव जो सचमुच भरण करता था, देवराज क...