पुंछ के अन्तर्गत राजौरी नामक गाँव में रामदेव नामक एक वीर राजपूत के घर एक बालक लक्ष्मणदेव ने जन्म लिया। बचपन में उसे शिकार का व्यसन था, जिससे वह कुशल घुड़सवार और तीरंदाज बन गया। एक बार उसने बालकपन में ही एक गर्भवती हिरणी को अपने तीर से मार गिराया। जब उसने उसका पेट चीरा तो उसमें से आकुल-व्याकुल तीन बच्चे निकले, जो कुछ क्षण बाद तड़पकर ठंडे हो गए। इस दयनीय घटना से बालक के मन में करुणा और पश्चात्ताप हुआ, जिससे उसके हृदय में वैराग्य-भावना उत्पन्न हुई। वह घर छोड़कर साधु हो जानकीदास वैरागी का चेला बन गया। नाम बदल लिया—माधोदास।
तीर्थ-स्थानों में घूमता हुआ पंचवटी और फिर नांदेर पहुँचा और गोदावरी के तट पर कुटी बनाकर तपस्या में लीन हो गया। धीरे-धीरे उसकी कीर्ति बढ़ी और लोगों में उसकी चमत्कारी शक्ति की कहानियाँ प्रचलित हो गईं।
गुरु गोविन्दसिंह अपने पुत्रों के बलिदान, मुस्लिम अत्याचार और सिखों की उस समय की उदासीनता से बहुत क्षुब्ध थे। वे माधोदास की चमत्कारी शक्ति की ख्याति सुनकर उससे मिलने गए और कहा—“इस समय आप जैसे चमत्कारी पुरुष की सिखों को आवश्यकता है। आप पंजाब चलिए।”
“पर मैं साधु पुरुष हूँ, संसार त्यागी हूँ।”
“संसार त्यागने का क्षण अभी नहीं आया, आज देश को मुस्लिम अत्याचारों से मुक्त कीजिए, अपनी शक्ति का उपयोग वैराग्य में नहीं, देश-मुक्ति में कीजिए।”
“क्या यह उचित होगा?”
माधोदास ने क्षणभर नेत्र मूँदे, हुंकार भरी और अपना आसन छोड़ खड़े हो गए। उन्होंने गुरु गोविन्दसिंह का हाथ पकड़कर कहा—“मैं आपका बन्दा हूँ।”
गुरु ने उन्हें हृदय से लगाकर कहा—“आप ही मेरे राजनीतिक उत्तराधिकारी होंगे।”
उन्होंने उन्हें खण्डे का पाहुल देकर सिख धर्म में दीक्षित किया और उनका नाम गुरुबख्शसिंह रखा। उन्होंने कहा—“मेरे दो पुत्रों को सरहिंद में जवाब वजीरखाँ ने जीवित दीवार में चिनवा दिया। पंजाब में सिखों पर मुस्लिम अत्याचार बढ़ रहे हैं, अतः आपको पंजाब जाकर अपना कार्य करना चाहिए।” उन्होंने अपनी तलवार, पाँच तीर, एक नगाड़ा, एक झंडा और अपने विश्वस्त पच्चीस अनुयायी उन्हें देकर कहा—“अब सिख जाति का उत्थान कीजिए, वह आपकी अनुयायी रहेगी।”
गोविन्दसिंह का आदेश पंजाब पहुँच गया। माधोसिंह के वहाँ पहुँचने पर हजारों सिखों ने एकत्र होकर उनका अभिवादन किया और उनके झंडे के नीचे एकत्रित हो गए।
माधोसिंह का अपने राज्य में आना सुन और उसकी दैवी शक्ति से भयभीत होकर मुगल सूबेदार भागने लगे। कैथल से एक भारी खजाना ले जाया जा रहा था। सबसे पहले उन्होंने उसे लूटकर सैनिकों में बाँट दिया। कपूरी के शासक का भी खजाना लूटकर सैनिकों को बाँट दिया। इसके बाद आगे बढ़कर समाना नगर में जलालुद्दीन, जिसने गुरु तेगबहादुर का सिर तलवार से काटा था, के घर को जलाकर दस हजार मुस्लिमों को मौत के घाट उतारा। इस प्रकार सिख लोग आगे बढ़ते गए। सिखों में फिर से आत्मविश्वास की नींव जमी। माधोदास को उन्होंने बन्दा बैरागी की उपाधि दी।
बन्दा ने पंजाब आकर अपना विवाह भी किया और सिखों का नेतृत्व भी किया, परन्तु साधु वेश नहीं छोड़ा। सैन्य संगठन कर अम्बाला, समाना, कैथल, दामला, कंजपुर आदि दखल कर लिए। औरंगजेब दूर दक्षिण में युद्धों में फँसा हुआ था। उसने बन्दा बैरागी के कारनामे सुने और सूबेदारों को उसे नष्ट करने के हुक्म भेजता रहा। परन्तु बन्दा बैरागी साधारण व्यक्ति नहीं था। उसमें असाधारण दैवी शक्ति थी। सरहिंद का शासक उस्मान खाँ बहुत प्रबल और जालिम सूबेदार था। बन्दा ने उसे दो दिन युद्ध करके मार डाला और मुखलिसगढ़ पर अधिकार करके उसका नाम लोहगढ़ रख दिया।
सरहिंद में गुरु गोविन्दसिंह के दो पुत्रों को नवाब वजीरखाँ के आदेश से जीवित दीवार में चिनवा गया। अपने पुत्रों की मृत्यु सुनकर गोविन्दसिंह की माता ने भी सरहिंद में प्राण त्यागे। सरहिंद के चमकौर और माछीबाड़ा के जंगलों में गोविन्दसिंह को घेरकर वजीरखाँ ने घोर कष्ट दिया था। माझा और मालवा से हजारों सिख आकर बन्दा की सेना में भर्ती हो गए और सरहिंद पर आक्रमण करने की प्रार्थना की। सिखों की भारी तैयारी सुनकर वजीरखाँ ने भी भारी तैयारी की और सरहिंद से दस मील दूर छप्पड़ चीरी स्थान पर दोनों सेनाओं का सामना हुआ।
सरहिंद और रोपड़ के युद्ध में प्रसिद्ध दो मुसलमान सूबेदार मारे गए। इस मुहिम में जब घमासान युद्ध हो रहा था, तब बन्दा युद्धभूमि से तीन मील दूर भजन गाने में तल्लीन था। एक सिख दूत ने युद्ध की भयानकता बताकर कहा कि मुस्लिम फौजें बहुत अधिक हैं, सिखों के पैर उखड़ रहे हैं। बन्दा वायुवेग से घोड़े पर सवार होकर युद्धक्षेत्र में पहुँचा। उसे देखते ही मुगल फौज भाग खड़ी हुई और वजीरखाँ को तलवार से काट डाला गया। मुगल बड़ी-बड़ी तोपें और बहुत-सी युद्ध-सामग्री और खजाना अपने पीछे छोड़ गए। बन्दा के तीक्ष्ण बाणों ने भागती मुस्लिम सेना के सिर उड़ा दिए। सिख विजयी हुए। सरहिंद शहर में एक भी मुस्लिम जिन्दा नहीं छोड़ा गया। तीन करोड़ रुपया लूटा गया तथा सुच्चानन्द को, जिसने गुरु गोविन्दसिंह के पुत्रों को पकड़वाया था, रस्सियों में बाँधकर सरेआम शहर में घुमाया गया। उस पर जूतियों की इतनी मार पड़ी कि उसकी मृत्यु हो गई।
मलेरकोटला, जगाँव, सढकोट, मलवारा, तलवण्डी अधिकृत कर लिये गए। अधिकांश पंजाब को मुस्लिम सत्ता से मुक्त करके बन्दा अमृतसर पहुँचा और दरबार साहिब में बहुत-सा धन चढ़ाया। उसकी सामर्थ्य और शक्ति से प्रभावित होकर हजारों लोगों ने सिख धर्म ग्रहण कर लिया और उससे आशीर्वचन प्राप्त किया। राजा-महाराजा भी उसके शिष्य होने लगे। दिल्ली से लेकर लाहौर तक सारा प्रदेश जीत लोहगढ़ को केन्द्र बनाकर बन्दा ने गुरु नानक के नाम पर शासन चलाया।
अमृतसर में उसने दरबार किया और अपना साधु वेश त्याग राजसी वेश में सुशोभित हुआ। इसी समय औरंगजेब दक्षिण में मर गया। बहादुरशाह (जहाँदार प्रथम) दिल्ली के तख्त पर बैठा, जिसने भारी सैन्य-संग्रह कर पंजाब पर आक्रमण किया। परन्तु बन्दा बैरागी की दिव्य शक्ति के आतंक ने उसकी सेना के पैर उखाड़ दिए। सहारनपुर के राजा अलमुदम्मद ने इस्लाम के नाम पर मुसलमानों का आह्वान किया, परन्तु घमासान युद्ध होने पर वह मारा गया और सहारनपुर बन्दा के अधिकार में आ गया। बन्दा की चमत्कारी शक्ति से कुछ सिख ईर्ष्या करने लगे।
जब फर्रुख्सियर दिल्ली के तख्त पर बैठा, तब गुरु गोविन्दसिंह की दो स्त्रियाँ माता सुन्दरी और साहबदेवी दिल्ली में रहती थीं। बन्दा को पराजित करना असम्भव समझकर फर्रुख्सियर ने कहलाया कि हमारे पूर्वज आपके पूर्वजों के सेवक रहे हैं, यह बन्दा व्यर्थ ही देश को तबाह कर रहा है।
सुन्दरी ने बन्दा को पत्र लिखा कि तुम्हारी वीरता से हम प्रसन्न हैं। तुम गुरु के सच्चे सेवक हो, लेकिन अब युद्ध बन्द करो, वरना बादशाह तुम्हें जागीर देने को तैयार है।
बन्दा ने उत्तर दिया—“मैं वैरागी साधु हूँ, गुरु का सिख नहीं हूँ। अपने बल से गुरु-पुत्रों का बदला लेने के लिए मैंने युद्ध किए हैं। मैं जागीर या दया का भिखारी नहीं हूँ।”
बन्दा के इस उत्तर से सुन्दरी अपमानित हुईं। उन्होंने सिख सरदारों को कहलवा भेजा कि बन्दा का साथ न दें। सिखों ने बन्दा का साथ छोड़ दिया और वैशाखी मेले में एकत्र होकर बन्दा का अपमान किया। इससे मर्माहत होकर बन्दा ने सिखों को छोड़कर हिन्दुओं का संगठन किया। सिखों को बन्दा से पृथक होते देख बादशाह ने बन्दा से नैनाकोट के समीप जमकर युद्ध किया, परन्तु हारकर लौटा। बन्दा ने आगे बढ़कर लाहौर पर आक्रमण किया, परन्तु रुष्ट सिखों ने ही बन्दा के विपरीत युद्ध किया। इससे खिन्न होकर बन्दा गुरदासपुर चला आया। यहाँ बादशाह ने फिर एक भारी फौज भेजी। भयानक युद्ध हुआ। बन्दा लोहे के सींखचों में बाँध लिया गया। उसके साथ उसके स्वामिभक्त सात सौ चालीस सैनिक भी गिरफ्तार हुए। सबको काजी के समक्ष पेश किया गया।
काजी ने कहा—“मुसलमान बन जाओ, तो तुम्हें जाँबख्शी।”
परन्तु किसी ने भी उत्तर नहीं दिया। सब पूर्णतः मुँह फेरकर खड़े हो गए। काजी ने फिर कहा—“तुम्हें कटारों से काटा जाएगा।” परन्तु फिर भी वे मुँह फेरकर खड़े रहे।
निदान सबको कत्ल करने की सजा सुनाई गई। प्रतिदिन सबको कत्ल कर उनमें से सौ व्यक्ति के सिर काटे जाते। इस प्रकार सात दिन तक सिर काटे जाते रहे। आठवें दिन बन्दा की बारी आयी। उसे पूछा गया—“तुम्हें कैसी मौत पसन्द है?” बन्दा ने हँसकर कहा—“जैसी तुम्हें पसन्द हो?”
बन्दा के चारों ओर भालों की कतार गाड़ दी गई, जिन पर उसके सात सौ चालीस साथियों के सिर टंगे हुए थे। उनके बीच में तलवार और बन्दा के शिशु पुत्र को रखकर कहा गया—“इस तलवार से बच्चे के टुकड़े-टुकड़े कर डालो।”
बन्दा ने घृणा से मुँह फेर लिया। तब जल्लाद ने उसके सामने बच्चे को रखकर काट डाला और उसके शरीर में घुसाया गया। अंगारे से लाल तपे हुए चिमटों से मांस को नोचा गया, यहाँ तक कि हड्डियाँ दिखने लगीं।
जल्लाद ने हैरत से पूछा—“इतनी तकलीफ पाकर भी खुश हो?”
बन्दा ने उत्तर दिया—“आत्मज्ञानी सब दुःखों से दूर हैं।”
जल्लाद ने तेजी से उसकी छाती में कई सलाखें चुभा दीं। बन्दा प्राणहीन हो गया। आज हम हिन्दू-सिख धर्म के समन्वय और चिंतन को भूल कर जाति धर्म के उलझाव में इन बलिदानों को भुला बैठे हैं यह अत्यंत खेद का विषय है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें