बुधवार, 25 सितंबर 2024

(30)माफी : खुशी को मुक्त करने की कुंजी (3) हम सितारों की तरह चमकने के लिए बने हैं।

हालात अनुचित हो सकते हैं, किसी ने आपको चोट पहुँचाई हो सकती है, धोखा दिया हो सकता है या ऐसा बरताव किया हो सकता है, जिसने आपका दिल तोड़ दिया हो और माफी आपके लिए इस धरती का सबसे मुश्किल काम हो सकती है। लेकिन ये विचार आपको प्रेरित कर सकता है कि आप पहले ही बहुत कुछ सहन कर चुके हैं और आपके लिए ये उचित नहीं है कि किसी को माफ न करके खुद को और अधिक पीड़ा पहुँचाएँ। आप और अधिक दर्द के अधिकारी नहीं हैं।

हम सितारों की तरह चमकने के लिए बने हैं; लेकिन हममें से अधिकांश लोग अपना समय और ऊर्जा नफरत और शिकायत करने में बिता देते हैं। चीजों को भूल कर आगे बढ़ें! आप माफी को जितना टालते हैं, उतना ही आप खुशी और सफलता को भी टालते हैं। यदि हम किसी ऐसे व्यक्ति से नफरत करने में थक जाते हैं, जो हमारे लायक भी नहीं है, तो हम अपने सपने पूरे करने के लिए ऊर्जा कहाँ से लाएँगे? और फिर हम घोषणा करते हैं कि हम कमजोर हैं। तथ्य ये है कि हम कमजोर नहीं हैं। बस, हम अपनी ऊर्जा गलत लोगों में डाल देते हैं, जो इतना ध्यान पाने की विलासिता के अधिकारी नहीं हैं।

माफ करने के कुछ आसान तरीके-

1. सोने जाने से पहले चेतनावस्था में दिन भर के गुस्से और भावनात्मक घावों को जाने दें। हर शाम को एक नए दिन के आरंभ के रूप में देखें। सोने से पहले 'दस बार मैं तुम्हें माफ करता हूँ', अपनी भलाई और सफलता के लिए कहने का आसान सा नियम बना लें। 

2. अपने सबसे हालिया अनुभव का सामना करें, जहाँ माफ नहीं किया गया था। स्वीकृति भी आपकी मदद कर सकती है। जब आप माफ नहीं कर सकते तो भूल जाएँ, क्योंकि समय आपको स्वस्थ कर देगा। 

3. किसी ऐसे व्यक्ति को पत्र लिखें, जिसे माफ करने के लिए आप संघर्ष कर रहे हों। साफ साफ बताएँ कि घाव क्या है। क्यों वह अभी भी दर्द देता है, और क्यों उसे माफ करना मुश्किल है। कल्पना करें कि आप इस मुश्किल को उठाकर ईश्वर को दे रहे हैं। फिर उस पत्र को जला दें और उसकी राख बिखेर दें। अपने दुश्मनों को शुभकामनाएँ दें। 

4.आप ये छोटा सा अभ्यास करने का प्रयास करें-

अपने जीवन में मौजूद उन सब लोगों की एक मानसिक सूची बनाएँ, जिनसे आपको शिकायत है। अपनी आँखें बंद करें और कल्पना करें कि ऊर्जा का एक नकारात्मक कॉर्ड (सक्रिय असंतोष) आपको उस व्यक्ति से जोड़ रहा है। अब एक गहरी साँस लें और देखें कि वह कॉर्ड कट रहा है और आप दोनों कोमलतापूर्वक अलग हो रहे हैं तथा नकारात्मक ऊर्जा के बंधन को तोड़ रहे हैं। निरंतर ऐसा करते रहें, जब तक कि आपको ऐसा न लगे कि आपने इस अनुभव को मुक्त कर दिया है। चुपचाप दोहराएँ, मैं आजाद हूँ। इस मुक्त करने की प्रक्रिया को आवश्यकतानुसार दोहराते रहें और अपने जीवन में आते बदलावों को देखें।

हमेशा याद रखें, माफी माफ करनेवाले के लिए होती है।




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

समाचार का व्रत रखिए

आजकल नकारात्मक समाचार ज्यादा बिकते हैं। हमारे समाज में ज्यादातर लोग एक प्रसिद्ध इन्सान के जुर्म का मुकदमा देखना किसी वास्तव में ...