मंगलवार, 8 अक्टूबर 2024

(14) कृतज्ञता की महानता

शुक्रिया कहने के कोई पैसे नहीं लगते, इसलिए उसका खुले हाथों से इस्तेमाल करें। इससे दो लोगों को खुशी मिलती है - कहनेवाले को और पानेवाले को ।

'यदि आप अपने पूरे जीवन में सिर्फ एक प्रार्थना 'धन्यवाद' कहते हैं, तो वह पर्याप्त है।'

-मीस्टर एक्कार्ट

लेकिन हमें ईश्वर को धन्यवाद क्यों कहना पड़ता है? उसे हमारी सराहना की आवश्यकता क्यों होती है? इसका उत्तर ये है कि हम उसे धन्यवाद अपने लाभ के लिए कहते हैं, इसलिए नहीं क्योंकि ईश्वर को उसकी आवश्यकता है। जब आप उन चीजों के लिए आभारी होते हैं, जो आपके जीवन में पहले से हैं और आभार प्रकट करने की सूची लंबी हो जाती है, तब आपको एहसास होता है कि आपके जीवन में पहले से ही इतनी सारी चीजें हैं और आप समृद्ध महसूस करते हैं। और जब आप समृद्ध महसूस करते हैं तो अपने जीवन में और अधिक समृद्धि को आकर्षित करते हैं। एक आसान सा प्रयोग करने का प्रयास करें।

उन सब चीजों के बारे में सोचें, जो आपके जीवन में काम नहीं कर रही हैं। आपको कैसा लग रहा है? निश्चित रूप से बहुत बुरा । है न?

लेकिन आम तौर पर लोग ऐसा ही करते हैं - उन सब चीजों के बारे में सोचते और शिकायत करते रहते हैं, जो उनके जीवन में सही नहीं चल रही हैं और इस प्रकार अपने जीवन में और अधिक दुःख को आकर्षित करते हैं।

अब उन चीजों की एक सूची बनाएँ, जो आपके सौभाग्य से इस समय आपके पास हैं। और आप देखेंगे कि आपके पास दो आँखें हैं, जो काम कर रही हैं; एक नाक है, जो अपने सही स्थान पर है और ठीक से काम कर रही है; दो कान हैं, जो अपना काम कर रहे हैं और बहुत से अन्य उपहार हैं, जो आपको जीवित और स्वस्थ रखने के लिए काम कर रहे हैं। अपने शरीर के अंगों के लिए आभारी होना थोड़ा हास्यास्पद लग सकता है; लेकिन यदि आप एक ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण व्यक्ति के साथ एक घंटा भी बिता लेंगे, जिसके पास इनमें से कोई एक या अधिक नहीं है तो आपको एहसास हो जाएगा कि आप कितने भाग्यशाली हैं।

हमेशा खुद को मिले आशीर्वादों की गिनती करें, तो दुःख आपको कभी नहीं छू पाएगा। आभार के माध्यम से जीवन बेहतर हो जाता है, क्योंकि ब्रह्मांड का नियम कहता है कि जब आप बेहतर व अधिक समृद्ध महसूस करते हैं, तो आप अपने जीवन में बेहतर चीजों को आकर्षित करते हैं और जीवन दिन-पर-दिन समृद्ध होता जाता है।

अधिकतर आध्यात्मिक, प्रेरक, सेल्फ हेल्प की पुस्तकों और प्रसिद्ध लोगों की आत्मकथाओं में आभार पर बड़े-बड़े अध्याय होते हैं। प्रत्येक जीवन प्रबंधन गुरु जीवन में कम-से-कम एक अच्छी आदत के समावेश का समर्थन करता है - आभार सूची बनाने की ।

आभार के महत्त्व से परिचय हो जाने के बाद, लोग आम तौर पर पहले दिन बहुत उत्साहित होते हैं और 30 ऐसे लोगों और चीजों की सूची बना लेते हैं, जिनके प्रति वे आभारी है। हालाँकि एक सप्ताह के अंदर वे शिकायत करने लगते हैं कि आभार प्रकट करने का रवैया काम नहीं करता। यहाँ कुछ ऐसे लोग भी हैं, जिनका कहना है कि सकारात्मक सोच कुछ दिनों के अभ्यास के बाद काम नहीं करती। ये कुछ ऐसा है जैसे जिम में 100 पुशअप्स करना और 24 घंटे के अंदर शिकायत करना कि आपका शरीर बिल्कुल भी टोन नहीं हुआ है।

अतः धैर्य रखें, आभार प्रकट करने का भाव हमें प्राप्त में संतुष्टि का अनुभव उपलब्ध कराता है और संतुष्टि से बड़ा सुख, प्राप्ति भी नहीं है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

समाचार का व्रत रखिए

आजकल नकारात्मक समाचार ज्यादा बिकते हैं। हमारे समाज में ज्यादातर लोग एक प्रसिद्ध इन्सान के जुर्म का मुकदमा देखना किसी वास्तव में ...