शुक्रवार, 4 अक्टूबर 2024

(9)क्या आपका मन वास्तव में आपकी वर्तमान नौकरी में लगता है?

क्या आपका मन वास्तव में आपकी वर्तमान नौकरी में लगता है? क्या आपकी वर्तमान नौकरी वास्तव में आपकी मनचाही नौकरी है? शायद नहीं।

आइए सच्चाई का सामना करें। हममें से अधिकांश लोग विकल्प के अभाव में काम कर रहे हैं। हमारी नौकरियाँ एक आरामदेह जीवन के लिए पैसे कमाने, बिलों के भुगतान करने और कर्ज चुकाने का जरिया हैं, अपने शौक पूरे करने का नहीं।

यदि आपको लगता है कि आपकी नौकरी बोरिंग है और कभी- कभी वास्तव में आपके दिमाग पर हावी हो जाती है, तो ये बिल्कुल स्वाभाविक है, क्योंकि हममें से अधिकांश लोग एक बिल्कुल अलग क्षेत्र में या वर्तमान पद से ऊँचे पद पर काम करना चाहते हैं।

ऐसा आम तौर पर होता है कि एक कंपनी का सुरक्षाकर्मी ऑफिस कर्मचारी के नौकरी पाना चाहता है, जबकि ऑफिस कर्मचारी को अपने अफसर के काम से ईर्ष्या होती है, और इन सबके बीच अफसर को लगता है कि चौकीदार का काम सबसे आसान है, क्योंकि वह तनाव मुक्त होता है और उसकी जिम्मेदारी भी सबसे कम होती है।

एक डॉक्टर को, जिसे सप्ताह के सातों दिन चौबीस घंटे उपलब्ध रहना पड़ता है, एक आई.टी. प्रोफेशनल की नौकरी अधिक सुविधाजनक लग सकती है; जबकि आई. टी. कर्मचारी को क्रिकेटर का काम पसंद हो सकता है, क्योंकि उसे वह काम मजेदार लगता है। 

यथार्थ जीवन की वास्तविकता ये है कि हममें से अधिकांश को दूसरों का काम खुद के काम से ज्यादा दिलचस्प लगता है। इसलिए, हर सुबह जब हम बिस्तर से उठते हैं, तो हमारे पास उत्साहित न होने का एक बहाना होता है। 

इसका क्या हल हो सकता है? अपनी नौकरी छोड़ दें और मनचाही नौकरी मिलने तक दिवालिया बने रहें? नहीं। बल्कि आपको अपनी वर्तमान नौकरी को अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए।

आपकी वर्तमान नौकरी चाहे कितनी भी बोरिंग या लाभ - शून्य हो, आपको दिन के अंततक अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए। जब दूसरे आप पर निर्भर करने लगते हैं, तो आप अपने उच्च अधिकारियों का सम्मान प्राप्त करेंगे, खुद को अधिक मूल्यवान् बना लेंगे और लोग आपको अपने लीडर के रूप में देखने लगेंगे।

और फिर एक दिन-

1. कोई आपकी ईमानदारी और उत्साह से प्रभावित होकर आपको एक बेहतर नौकरी का प्रस्ताव देगा।

2. आपको अपनी असली क्षमता का एहसास होगा और आपके अंदर खुद का व्यवसाय शुरू करने का आत्म विश्वास उत्पन्न हो जाएगा और वैसे भी, सफलता के लिए अर्थ-प्रबंध या शिक्षा से अधिक महत्त्वपूर्ण आवश्यकता आत्मविश्वास है।

3. आप अपना कार्यक्षेत्र बदलकर अपनी मनचाही नौकरी में जाने की हिम्मत जुटा लेंगे। छोटे-छोटे अवसर बड़े अवसरों की ओर ले जाते हैं और अंत में सबसे बड़े अवसर की ओर। लेकिन मायने रखता है पहले छोटे अवसर का भरपूर लाभ उठाना। 

ये समझना महत्त्वपूर्ण है कि सीढियों के शीर्ष तक पहुँचने के लिए पहले नीचे के पायदान चढ़ने पड़ते हैं। सफलता चरणों में हासिल होती है। 

आइए इतिहास के पन्ने पलटें और कुछ शोध करें। 

सुपर स्टार रजनीकांत पहले बस कंडक्टर थे। हृतिक रोशन ने शूटिंग स्थलों के फर्श साफ किए हैं, कैमरामैन के साथ काम किया है और संपादन टीम का हिस्सा भी रहे हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी निचले स्तर के फुटबॉल गोलकीपर रहे हैं और खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर टी.टी.ई. के तौर पर भी काम कर चुके हैं। एप्पल इंक के सह-संस्थापक और चेयरमैन स्टीव जॉब्स ने एच. पी. (हैवलेट पैकार्ड कंपनी) के असेंबली काउंटरों पर काम किया था। 

यदि आपका भी कोई सपना है, तो उसे पकड़कर कर रखें। उसे अपने दिल के अंदर गहराई में सुरक्षित रखें। लोगों से उसके बारे में अधिक बात करें। प्रतिदिन उसके बारे में सोचें और खुद को वह सपना जीते देखें। पूरे विश्वास के साथ आशा करें कि एक दिन वह सपना सच हो जाएगा। इस बीच आप वर्तमान में जो भी काम करते हैं, उसे अपना शत प्रतिशत दें, चाहे वह कितना ही छोटा या महत्त्वहीन हो ।

जीवन जो भी देता है, उसके लिए आभारी रहें, और सही अवसर सही समय तथा स्थान पर आपके सामने आ जाएगा। जीवन में जो सामने आए उसका स्वागत खुली बाँहों से करें। इस प्रकार आप एक दिन अपने सपने को वास्तविकता में जिएँगे, क्योंकि ब्रह्मांड बहुत सुव्यवस्थित ढंगसे काम करता है।

इस बात में कोई संदेह न करें कि आपको हमेशा वह सब मिल जाता है, जो आप चाहते हैं। हमेशा उससे अधिक देने के बारे में सोचें जितनी आपसे अपेक्षा की जाती है- आपके ग्राहकों, मित्रों, जीवन साथी, माता-पिता और बच्चों द्वारा ।

यदि आप जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं, तो एक मील अतिरिक्त चलने का प्रयास करें. कार्यस्थल पर आपको अपने अपने काम केलिए जितना भुगतान मिलता है या घर पर जितने काम की आप पर जिम्मेदारी है, उससे अधिक काम करें।

मान लीजिए, आपके पास काम करने के लिए दो लोग उपलब्ध हैं, जिनमें से एक सिर्फ अपना कर्तव्य निभाने के लिए काम करेगा और दूसरा अतिरिक्त मेहनत करने के लिए भी तैयार होगा और दिल से आपका काम करेगा, तो आप किसका चुनाव करेंगे? स्वाभाविक रूप से उसी का,जो आपके लिए आपकी अपेक्षा से अधिक काम करनेको तैयार होगा।है न?

यदि आप ऐसे व्यक्ति की सेवाएँ लेना चाहते हैं, जो आपके लिए अतिरिक्त मील चलने को तैयार है तो आपको भी किसी के लिए एक मील अधिक चलने को तैयार रहना चाहिए; क्योंकि हर एक व्यक्ति को आपसे सर्वश्रेष्ठ प्राप्त होने की आवश्यकता और अधिकार होता है, चाहे वह आपका पति हो, आपके बच्चे हों, आपका बॉस हो या दुनिया में कोई भी हो। इसलिए, जब भी आप कुछ करने का उद्यम करें तो उसे अपना सबकुछ दें और फिर देखें कि जीवन कितना सुंदर और फलदायी बन जाता है।

आप देखेंगे कि जो लोग अपनी नौकरियाँ अपने पूरे मन और क्षमता के साथ करते हैं उनकी बहुत माँग होती है। गली का सबसे अच्छा सफाई कर्मचारी हमेशा माँग में होता है; ऑफिस के सबसे अच्छे सेल्समैन की माँग हमेशा बनी रहती है। इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कौन सा काम कर रहे हैं। उत्कृष्टता हमेशा लाभदायक होती है।

उदाहरण के लिए अरुण नाम का एक सफाई कर्मचारी था। हालाँकि उसका काम सामान्य सा था, लेकिन वह उसे पूरे मन से करता था और इसलिए उसका काम वास्तव में बहुत अच्छा होता था। जल्दी ही वह गली के सर्वश्रेष्ठ सफाई कर्मचारी के रूप में जाना जाने लगा। कुछ ही समय बाद एक होटल के मैनेजर ने यह देखकर कि वह किस प्रकार गली को स्वच्छ रखता था, उसके सामने होटल में डिशवॉशर की नौकरी का प्रस्ताव रखा। एक दिन, होटल का सलाद कटर बीमार हो गया और दूसरी व्यवस्था होने तक अरुण को तब तक उसके स्थान पर काम करनेके लिए कहा गया। 

इसी प्रकार धीरे-धीरे बढ़ते हुए एक दिन अरुण होटल का सबसे अच्छा शेफ बन गया।

इसलिए बात कभी ये नहीं होती कि आपके पास क्या नहीं है। बात हमेशा ये होती है कि आप जीवन को क्या देते हैं और ये कि आप हमेशा वह पा सकते हैं, जो आप पाना चाहते हैं।

'जो व्यक्ति उससे अधिक काम करता है, जितने का उसे भुगतान मिलता है, उसे जल्दी ही उससे अधिक भुगतान मिलने लगेगा, जितना वह काम करता है । '

- नेपोलियन हिल

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

विशिष्ट पोस्ट

समाचार का व्रत रखिए

आजकल नकारात्मक समाचार ज्यादा बिकते हैं। हमारे समाज में ज्यादातर लोग एक प्रसिद्ध इन्सान के जुर्म का मुकदमा देखना किसी वास्तव में ...